छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपाबिलासपुररायपुर

मां दुर्गा के 10 महाविद्या पर आधारित झांकी देख सभी होंगे रोमांचित, चांपा के कोरबा रोड में आयोजित दुर्गा महोत्सव में इस बार भी होंगे कई आकर्षण, प्रेसवार्ता में दी गई जानकारी

चांपा। अग्रवाल सेवा समिति के बैनर तले इस बार भी नवरात्रि बहुत ही धूमधाम से मनाई जाएगी। इस बार भी होमात्मक शतचंडी महायज्ञ एवं दुर्गा पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। सौ फीट ऊंचे कोलकाता के देशप्रिय पार्क की तर्ज पर पंडाल बनाने का काम स्थानीय और बंगाल के कारीगर युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

चांपा शहर गणेशोत्सव के लिए देश भर में प्रसिद्ध रहा है, लेकिन विभिन्न कारणों से गणेशोत्सव नाममात्र का रह गया है। यहां अब दुर्गोत्सव काफी धूमधाम से मनाया जाने लगा है। अग्रवाल सेवा समिति पिछले 28 सालों से दुर्गोत्सव धूमधाम से मना रही है, लेकिन पिछले साल से दुर्गोत्सव में बहुत हद तक बढ़ोतरी की गई है। इसलिए जांजगीर की तरह चांपा के दुर्गा उत्सव की चर्चा जनमानस में होने लगी है। इस बार के आयोजन को लेकर अग्रवाल सेवा समिति के अध्यक्ष अजय बंसल, सचिव अनुपम गर्ग, कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल राजू, उपाध्यक्ष मुरारीलाल जालान, सीए सुरेश अग्रवाल, दिनेश केडिया, संजय अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल आदि सदस्यों की उपस्थिति में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें बताया गया कि इस बार यह भव्य आयोजन कोरबा रोड में सिवनी चौक के पास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर को घट स्थापना के साथ होमात्मक शतचंडी महायज्ञ एवं दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ होगा। महायज्ञ पूजन के लिए मथुरा से 17 आचार्यों का आगमन हो रहा है। प्रतिदिन सुबह 8 बजे आरती, 9:30 बजे शतचंडी पाठ होगा। उन्होंने बताया कि भले ही यह आयोजन अग्रवाल सेवा समिति के जरिए किया जा रहा है लेकिन इसमें चांपावासी एवं आसपास के ग्रामवासियों के सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शतचंडी महायज्ञ में कोई भी भक्त सपत्नीक शामिल हो सकता है। साथ ही मां दुर्गा पूजा में भी भक्तों को शामिल होने का आग्रह किया गया है। उन्होंने बताया प्रतिदिन कन्या भोज और खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन 12 अक्टूबर को पूर्णाहुति व हवन के साथ होगा। 13 अक्टूबर को प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारी में समिति के सभी सदस्य जोर-शोर से जुड़े हुए हैं।

तीन रूपों में विराजेंगी आदिशक्ति मां दुर्गा

पिछले साल से अग्रवाल सेवा समिति चांपा ने भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू की है। इस बार मां दुर्गा, महालक्ष्मी, मां सरस्वती गणेश जी आदि की विशाल 24 फीट ऊंची प्रतिमा बनाने का काम बंगाल के कारीगरों द्वारा युद्धस्तर पर किया जा रहा है। ये सभी प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र होंगी।

आकर्षक झांकी से सभी होंगे उत्साहित

इस बार यहां श्रीकृष्ण रासलीला की मनमोहक झांकी और 10 महाविद्या का चित्रण किया जाएगा। यह कार्य कोलकाता के कारीगर जोरशोर से कर रहे हैं। यहां अयोध्या में विराजे रामलला प्रतिमा का दर्शन भी भक्त कर सकेंगे। रामलला की प्रतिमा यहां विराजमान होंगी।

सुरक्षा और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था

पंडाल के पास पार्किंग और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था होगी। कार्यक्रम में शामिल होने वाली भक्तों की भीड़ का अनुमान लगाते हुए डीबी वेंचर्स के डायरेक्टर धीरेंद्र बाजपेई के सहयोग से उनके स्थल में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। इसी तारा सुरक्षा के मद्देनजर पूरे पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरा के अलावा सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था रहेगी। पुलिस व प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा।