क्राइमछत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

BREAKING NEWS: जांजगीर-नैला में नकाबपोश बदमाशों का आतंक, व्यापारी से कट्टा अड़ाकर 8 लाख की लूट

जांजगीर-चांपा। शनिवार रात नैला नगर पालिका वार्ड क्रमांक 3 स्थित सामुदायिक भवन के पास दो नकाबपोश बदमाशों ने कीटनाशक दुकान संचालक को कट्टा अड़ाकर 8 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, नैला स्थित बालाजी कीटनाशक केंद्र के संचालक अरुण कुमार अग्रवाल रात करीब 9:30 बजे दुकान का हिसाब-किताब कर गल्ले की रकम लेकर गोदाम पहुंचे। वहां से खरीदी-बिक्री की रकम और दस्तावेज बैग में रखकर वे रोजाना की तरह स्कूटी से घर जा रहे थे। दुकान और घर की दूरी महज़ 300 मीटर थी।

जैसे ही वे सामुदायिक भवन के सामने पहुंचे, अंधेरे में छिपे दो नकाबपोश बदमाश अचानक बाहर आए। बदमाशों ने व्यापारी पर कट्टा तानकर धमकाया और बैग छीन लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और फरार हो गए। बैग में करीब 8 लाख रुपए थे।

अचानक हुई वारदात से व्यापारी घबरा गए और तुरंत नैला स्टेशन के पास स्थित पुलिस सहायता केंद्र पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और कोतवाली थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस अधिकारियों ने वारदात को गंभीर मानते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।