खिलाड़ियों में जोश और उत्साह, क्षेत्रीय खो-खो एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ

चांपा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चांपा में विद्या भारती मध्य क्षेत्रीय खो-खो एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2025 का भव्य शुभारंभ शनिवार 13 सितम्बर को हुआ। सुबह से ही विद्यालय परिसर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों की चहल-पहल से गुलजार रहा। खेल मैदान में अनुशासन, जोश और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री माननीय अरुण साव ने दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन को ऊर्जा, अनुशासन और कर्मठता से भरते हैं। खेलों से ही व्यक्ति में नेतृत्व, टीम भावना और संघर्षशीलता का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र और समाज की गरिमा बढ़ाने का संकल्प लें।
समारोह की अध्यक्षता विद्या भारती मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्री जुडावन सिंह ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि खेल शिक्षा, संस्कृति और समग्र विकास के आधार हैं। प्रतिस्पर्धात्मक युग में युवाओं को मानसिक व शारीरिक रूप से सशक्त बनाने में खेलों की भूमिका अहम है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह विवेक सक्सेना एवं चंद्रशेखर देवांगन, साथ ही प्रांत खेल प्रमुख दिवाकर स्वर्णकार उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करती हैं।
शुभारंभ अवसर पर सैकड़ों खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। तत्पश्चात खेल ध्वज फहराया गया, मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन हुआ। खिलाड़ियों ने शपथ ग्रहण कर निष्पक्षता, खेल भावना और राष्ट्रहित में श्रेष्ठ प्रदर्शन का संकल्प लिया। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उल्लास और उमंग से भर दिया।

आयोजन समिति के संयोजक डॉ. शांति कुमार सोनी ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में मध्य क्षेत्र के विभिन्न प्रांतों से आए 800 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में रोमांचक मुकाबले होंगे और विजयी टीमों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व का अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं ओम के तेल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद सभी ने एक स्वर में सरस्वती वंदना की। अतिथियों का परिचय प्राचार्य अश्विनी कुमार कश्यप ने कराया। मंच संचालन ललिता तिवारी ने शालीनता और उत्साह के साथ किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार पाण्डेय ने किया।
उद्घाटन अवसर पर स्थानीय विद्यालय के व्यवस्थापक डॉ. शांति कुमार सोनी, अध्यक्ष हनुमान कुमार देवांगन सहित बड़ी संख्या में नागरिक, अभिभावक, समाजसेवी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। उद्घाटन दिवस पर खेल मैदान खिलाड़ियों की उमंग, ऊर्जा और जयघोष से गूंज उठा।