पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश के नेतृत्व में SDM दफ्तर का घेराव, कांग्रेसियों के साथ पुलिस की हुई झूमाझटकी

जांजगीर चांपा। पामगढ़ में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं विधायक श्रीमती शेषराज हरवंश के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों एवं जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए एसडीएम कार्यालय का घेराव कर विभिन्न जनहित मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था थी। कांग्रेसियों के साथ पुलिस की झूमाझटकी भी हुई।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा के विष्णु देव की सरकार कूटनीति पूर्वक किसानों के धान खरीदी के रकबे में गिरदावरी का हवाला देकर अनावश्यक कटौती की जा रही है, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने इस प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की।
किसानों की एग्रीस्टेक आईडी पंजीकरण में अनावश्यक देरी हो रही है, जिससे वे धान बेचने से वंचित हो सकते हैं। कांग्रेस ने मांग की कि पूर्व में पंजीकृत किसानों का पंजीकरण आगे बढ़ाया जाए। इसके अतिरिक्त, बाजार में खाद और कीटनाशक दवाओं की ऊंची दरों पर बिक्री पर रोक लगाने और प्रशासन द्वारा सख्त नियंत्रण की मांग की गई।
क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत और दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की भी मांग की गई, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
विष्णु सरकार की इस कुटनीति के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित एसडीएम कार्यालय घेराव एवं धरना प्रदर्शन में सम्मिलित होकर किसानों की आवाज बुलंद की और उनकी मांगों को एसडीएम के सामने रखा। अगर शासन-प्रशासन ने किसानों की मांगें नहीं मानी तो आगामी दिनों में कड़ा आंदोलन किया जाएगा।
विधायक श्रीमति हरवंश ने कहा कि यह लड़ाई किसानों और जनता के अधिकारों की है और यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन सड़क से लेकर विधानसभा तक पहुंचेगा।