जांजगीर न्यायालय परिसर से फिर भागा एक आरोपी, पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप

जांजगीर न्यायालय परिसर से फिर एक आरोपी के फरार हो जाने का मामला सामने आया है, जिससे पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के आरोपी उमाशंकर साहू को एट्रोसिटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में दर्ज प्रकरण के तहत सामान्य पेशी के लिए जांजगीर न्यायालय लाया गया था।
आरोपी को पेशी के लिए हवलदार कृष्ण कुमार तिवारी और प्रधान आरक्षक जगत न्यायालय लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर पुलिस की आंखों में धूल झोंक दी और न्यायालय परिसर से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस द्वारा जिला मुख्यालय, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संभावित ठिकानों पर घेराबंदी कराई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी के विरुद्ध अपराध मालखरौदा थाना में दर्ज है, जिसमें उसे पेशी के लिए न्यायालय लाया गया था।
पुलिस प्रशासन अब आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही फरारी में हुई लापरवाही की भी जांच कर रहा है। माना जा रहा है कि जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई भी संभव है।