छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा से बड़ी दुखद खबर, हनुमान धारा के पास लापता तीन मासूमों की मिली लाश

जांजगीर-चांपा जिले के हनुमान धारा क्षेत्र में 26 घंटे से लापता तीन बच्चों की तलाश आखिर दर्दनाक अंत के साथ खत्म हुई। गुरुवार देर शाम हसदेव नदी में सर्चिंग के दौरान तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए। मृत बच्चों की पहचान—नेल्सन एक्का, रूद्र और युवराज—के रूप में की गई है, जो मनका पब्लिक स्कूल के छात्र थे।

बुधवार सुबह तीनों बच्चे घर से साइकिल पर नहाने के लिए हनुमान धारा गए थे। शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। घाट के पास बच्चों की साइकिल, कपड़े और चप्पल मिलने के बाद आशंका गहरा गई और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही चांपा पुलिस, नगर सेना, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। रातभर सर्च अभियान जारी रहा। बेहतर खोज के लिए हसदेव नदी का जल प्रवाह भी अस्थायी रूप से रोका गया।
लगातार प्रयास के बाद आज नदी के गहरे हिस्से से बच्चों के शव बरामद हुए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए BDM अस्पताल चांपा भेजा गया है।

एसडीएम पवन कोसमा ने बताया कि यह मामला आकस्मिक मृत्यु का प्रतीत होता है। शासन की ओर से मृतक बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे सावधानी बरतने की अपील की है।