हनुमान धारा में बड़ा हादसा! 3 बच्चे लापता, साइकिल, कपड़े और चप्पल नदी किनारे मिले, SDRF रेस्क्यू जारी

जांजगीर-चांपा से बड़ी खबर सामने आई है। चांपा के हनुमान धारा के त्रिदेव घाट क्षेत्र से तीन बच्चों के लापता होने की गंभीर घटना सामने आई है। मनका पब्लिक स्कूल के 5वीं, 8वीं और 9वीं में पढ़ने वाले तीन छात्र—रूद्र, युवराज और नेलशन—बुधवार सुबह नहाने के लिए साइकिल से हनुमान धारा पहुंचे थे, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने जब बच्चों की तलाश शुरू की, तो घाट के पास बच्चों की साइकिल, कपड़े और चप्पलें पड़ी मिलीं, जिसके बाद आशंका और बढ़ गई। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही चांपा पुलिस, एसडीआरएफ टीम और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम पवन कोसमा भी घटनास्थल पर मौजूद हैं, और रेस्क्यू टीम लगातार बच्चों की तलाश में जुटी हुई है।
खोजबीन को और तेज करने के लिए हसदेव नदी का जल प्रवाह अस्थायी रूप से बंद कराया गया, ताकि नदी के अंदरूनी हिस्सों में तलाश की जा सके। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में दहशत व तनाव का माहौल है। ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में सहयोग कर रहे हैं। अभी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला है, और रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात तक जारी है।