
रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों की मांग और उनके हितों को सर्वोपरि रखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धान खरीदी की समय सीमा में दो दिनों की वृद्धि करने का अहम निर्णय लिया है। इस फैसले के तहत अब राज्य शासन द्वारा आगामी 4 और 5 फरवरी को भी धान की खरीदी की जाएगी। यह अवसर विशेष रूप से उन पंजीकृत किसानों को मिलेगा, जिनके टोकन कट चुके हैं लेकिन वे अब तक अपनी उपज नहीं बेच पाए थे।
सरकार के इस फैसले से छूटे हुए किसान अब सुगमतापूर्वक अपना धान बेच सकेंगे। गौरतलब है कि 15 नवम्बर 2025 से शुरू हुए धान खरीदी के इस महाभियान में 31 जनवरी 2026 तक रिकॉर्ड 140 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इस दौरान 25 लाख 11 हजार से अधिक किसानों से उपज खरीदी गई और उन्हें बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत 33,149 करोड़ रूपए का भुगतान भी किया जा चुका है।
विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार का दावा है कि इस वर्ष धान खरीदी की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और बिचौलिया मुक्त बनाया गया है। प्रदेश भर के 2,740 उपार्जन केंद्रों पर डिजिटल निगरानी और सुव्यवस्थित प्रक्रिया अपनाई गई, जिससे केवल वास्तविक किसानों को ही लाभ मिल सका। राज्य में इस खरीफ सीजन के लिए कुल 27 लाख 43 हजार 145 किसानों ने पंजीयन कराया था।