कोरबा में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अच्छे व्यक्ति हैं, लेकिन उनकी सरकार प्रभावी ढंग से नहीं चल पा रही है। साय सरकार की कार्यप्रणाली को उन्होंने “आंय-बांय” बताते हुए कहा कि बीते दो वर्षों में भारी उगाही हुई है और आने वाले तीन वर्षों तक प्रदेश का संचालन कैसे होगा, यह चिंताजनक है।
डॉ. महंत ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को खराब बताते हुए कहा कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई हो रही है, नशे का कारोबार बढ़ रहा है और विपक्ष की बातों को अनसुना किया जा रहा है। मनरेगा को लेकर उन्होंने कहा कि नियमों में बदलाव से भ्रष्टाचार बढ़ेगा और पंचायतों की ताकत कमजोर होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा का नाम बदलकर उसका बजट भी घटा रही है।
भू-विस्थापितों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि एसईसीएल प्रभावितों के अधिकारों के लिए 35 विधायक आंदोलन में बैठेंगे। देश की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए उन्होंने किसानों की परेशानी और शंकराचार्य से हुए व्यवहार पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट रहेगी तो अगली सरकार बनाएगी। एसआईआर को लेकर उन्होंने मतदाता सूची से नाम काटने पर भी गंभीर आरोप लगाए। प्रेस वार्ता में रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया, कांग्रेस नेता हरीश परसाई, शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर और ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान मौजूद थे।