विधायक ब्यास कश्यप के प्रयासों से तालाबों एवं नाला में तट बंध, पिचिंग एवं पुल निर्माण के लिए 40 लाख रूपए की स्वीकृति मिली

जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ब्यास कश्यप के प्रयासों से क्षेत्र के विभिन्न गांवों के तालाबों एवं नाला में तट बंध, पिचिंग एवं पुल निर्माण के लिए 40 लाख रूपए राशि की स्वीकृति मिली है।
यह स्वीकृति राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा अधोसरंचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि के अंतर्गत प्रदान की गई है। विधानसभा जांजगीर-चांपा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पेंड्री (नवागढ़) में पेंड्री नाला पुलिया के पास तटबंध एवं पचरी निर्माण कार्य के लिए 10.00 लाख रूपए, ग्राम ख़ैरताल के लंकेटर तालाब में पिचिंग एवं पचरी निर्माण कार्य के लिए 10.00 लाख रुपए तथा ग्राम हाथीटिकरा के कांजी नाला में पुल निर्माण के लिए 20.00 लाख रुपए राशि स्वीकृत की गई है।
ज्ञात हो कि उपरोक्त कार्यों की मांग लंबे समय से स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवं आमजनों के द्वारा की जा रही थी। विधायक ब्यास कश्यप द्वारा इस विषय को गंभीरता से उठाते हुए संबंधित विभाग से लगातार पत्राचार और पहल की गई, जिसके परिणामस्वरूप इन कार्यों के लिए स्वीकृति जारी कर दी गई है।
विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि इसके पूर्व में भी इसी योजना से जांजगीर चांपा विधान सभा के अन्य ग्रामों में 57 लाख रुपए के विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। इससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि स्वीकृत कार्यो को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाएगा तथा गुणवत्ता से कोई समझौता नही होगा। ग्रामीणों ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक के प्रति आभार प्रकट किया है और शीघ्र कार्यारंभ की अपेक्षा जताई है।