डीबी वेंचर्स कप रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में कैशलेस चिकित्सा सेवा कल्याण कर्मचारी संघ ने खिताब अपने नाम किया

जांजगीर-चांपा। डीबी वेंचर्स कप रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में कैशलेस चिकित्सा सेवा कल्याण कर्मचारी संघ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। जाज्वल्य देव की पावन धरा पर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन द्वारा आयोजित यह पहला प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट ऐतिहासिक साबित हुआ, जिसमें 32 संगठनों ने भाग लेकर नया कीर्तिमान बनाया।
हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में आयोजित समापन समारोह भव्य और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कमल वर्मा ने की। विशिष्ट अतिथियों में विधायक व्यास कश्यप, बी.पी. शर्मा, रोहित तिवारी, चन्द्रशेखर तिवारी, रंजीत सिंह, अरुण तिवारी एवं रविन्द्र राठौर सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत “अतिथि देवो भव” की भावना के साथ अतिथियों के स्वागत से हुई। जिला संयोजक विश्वनाथ सिंह परिहार, महासचिव अर्जुनसिंह क्षत्रीय, सह-संयोजक डॉ. व्ही.के. पैगवार, धर्मेन्द्र यादव, विकास सिंह और डॉ. रविन्द्र द्विवेदी ने अतिथियों का सम्मान किया।
स्वागत उद्बोधन में महासचिव अर्जुनसिंह क्षत्रीय ने बताया कि यह आयोजन डीबी वेंचर्स के सहयोग, कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के संरक्षण में सम्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल खेल नहीं, बल्कि कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच समन्वय और टीम भावना को मजबूत करने का माध्यम बनी है।

मुख्य अतिथि कमलेश जांगड़े ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने जिले में खेल सुविधाओं को बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कमल वर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन तनाव कम करने और संगठन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। भविष्य में इसे प्रदेश के 34 जिलों में आयोजित करने की योजना भी साझा की गई।
विधायक व्यास कश्यप ने भी आयोजन की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि आईपीएल जैसे बड़े आयोजनों के बीच जिला स्तर पर इस तरह की लीग का सफल आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने डीबी वेंचर्स के डायरेक्टर धीरेन्द्र बाजपेयी के सहयोग की सराहना की।
विजेता और पुरस्कार
磊 प्रथम पुरस्कार (₹51,000): कैशलेस चिकित्सा सेवा कल्याण कर्मचारी संघ
賂 द्वितीय पुरस्कार (₹31,000): छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ
雷 तृतीय पुरस्कार (₹21,000): छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ
विशेष पुरस्कार के रूप में राजीव नयन शुक्ला ने अपने पिता शशि शुक्ला की स्मृति में ₹11,000 एवं ट्रॉफी छत्तीसगढ़ लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ को प्रदान की।
बेस्ट बैट्समैन और बॉलर को रजनीश बुक डिपो के सौजन्य से ट्रॉफी दी गई। मैन ऑफ द सीरीज का खिताब मेघनाथ को ₹3100 की राशि के साथ दिया गया। आयोजन के सफल संचालन के लिए डॉ. रविन्द्र द्विवेदी और विकास सिंह को भी सम्मानित किया गया।
इसके अलावा अंपायरिंग, स्कोरिंग, कमेंट्री और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
अंत में जिला संयोजक विश्वनाथ सिंह परिहार ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, पत्रकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। रात्रिभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और सभी ने इस ऐतिहासिक आयोजन की सराहना की।
