छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

टॉपर विद्यार्थियों के हाथों हुआ ध्वजारोहण, ग्राम पंचायत कोसमंदा में सरपंच की अनोखी पहल

जांजगीर चांपा। कोसमंदा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत कोसमंदा में इस बार एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। ग्राम पंचायत के सरपंच संजय रत्नाकर ने नई सोच के साथ प्रस्ताव रखा कि इस वर्ष ध्वजारोहण का सम्मान गांव के दसवीं कक्षा के टॉपर विद्यार्थियों को दिया जाए।

सरपंच के इस प्रस्ताव को अमल में लाते हुए आज ग्राम पंचायत कोसमंदा में दसवीं कक्षा के मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। विद्यार्थियों के हाथों राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने से कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर सरपंच संजय रत्नाकर ने कहा कि बच्चे गांव और देश का भविष्य हैं। उनकी मेहनत और प्रतिभा को सम्मान देने से अन्य विद्यार्थियों को भी पढ़ाई के प्रति प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर मेधावी विद्यार्थियों को यह सम्मान देना उनके लिए गर्व और प्रोत्साहन का विषय है।

ग्राम पंचायत की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए कहा कि आमतौर पर ध्वजारोहण जनप्रतिनिधियों या विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया जाता है, लेकिन टॉपर विद्यार्थियों के हाथों ध्वजारोहण कराना निश्चित रूप से एक सकारात्मक और अनुकरणीय पहल है।

इस पहल से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश भी गया। ग्राम पंचायत कोसमंदा का यह आयोजन “मेहनत करने वाले बच्चों का सम्मान और शिक्षा को प्रोत्साहन” देने की दिशा में एक सराहनीय कदम बन गया।

वीडियो देखें।

Leave a Reply