छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

चांपा की समस्याओं पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा, 10 दिनों में निराकरण नहीं तो होगा जन आंदोलन

रामबांधा तालाब की सफाई, बंद स्ट्रीट लाइटें, जर्जर सड़कें और नालियों की बदहाली पर सौंपा ज्ञापन; विधायक व्यास कश्यप सहित कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से की ठोस कार्रवाई की मांग

चांपा। नगर की विभिन्न मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी चांपा ने आवाज बुलंद की है। शहर कांग्रेस कमेटी ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, चांपा को ज्ञापन सौंपकर रामबांधा तालाब की साफ-सफाई, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने, नालियों की नियमित सफाई, सड़क चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण सहित नगर की विभिन्न समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की। कांग्रेस ने प्रशासन को 10 दिनों की समय-सीमा देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में उचित कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्रीय विधायक एवं जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में जन आंदोलन किया जाएगा।

इस विषय पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील साधवानी एवं नेता प्रतिपक्ष हरीश पाण्डेय ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नगर की समस्याओं पर चिंता जताई और प्रशासन से जनहित में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।

मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी : राजेश अग्रवाल

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि नगर की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना प्रशासन एवं नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। रामबांधा तालाब में गंदगी और जलकुंभी की समस्या तथा नगर में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था नागरिकों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को तत्काल निराकरण की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलना उनका अधिकार : व्यास कश्यप

जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि आम नागरिकों को स्वच्छ वातावरण, बेहतर सड़कें, नियमित नाली सफाई और पर्याप्त प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। लंबे समय से लंबित समस्याओं की अनदेखी उचित नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जनसमस्याओं को गंभीरता से लेने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

वार्ड क्रमांक 1 से 27 तक सफाई की मांग : सुनील साधवानी

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील साधवानी ने कहा कि शहर कांग्रेस कमेटी लगातार नगरवासियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाती रही है। रामबांधा तालाब की नियमित सफाई, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने, वार्ड क्रमांक 01 से 27 तक नालियों की साफ-सफाई और सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि जब तक इन समस्याओं का समाधान नहीं होता, कांग्रेस जनता की आवाज उठाती रहेगी।

जर्जर सड़कों और भारी वाहनों की समस्या पर भी उठाए सवाल : हरीश पाण्डेय

नेता प्रतिपक्ष हरीश पाण्डेय ने कहा कि नगर के प्रमुख मार्गों और गलियों की बदहाल स्थिति, अंधेरी सड़कें तथा साफ-सफाई की अव्यवस्था आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। भारी वाहनों के नगर के भीतर आवागमन से जुड़ी समस्या पर भी गंभीरता से विचार कर उचित व्यवस्था बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को केवल आश्वासन देने के बजाय धरातल पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।

बैरियर चौक से घटोली चौक तक सड़क चौड़ीकरण की मांग

ज्ञापन में बैरियर चौक से घटोली चौक तक सड़क चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी गई है। इसके साथ ही नगर के प्रमुख मार्गों से लेकर गलियों तक सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग की गई है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन समस्याओं के संबंध में पूर्व में भी मुख्य नगरपालिका अधिकारी को मौखिक एवं लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए शहर कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से 10 दिनों के भीतर समस्याओं के निराकरण की मांग की है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि तय समय-सीमा में उचित कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्रीय विधायक एवं जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में जन आंदोलन किया जाएगा।

बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने के दौरान नागेन्द्र गुप्ता, सेवक देवांगन, तमेंद्र देवांगन, अनिल रात्रे, पवन आर्य जिब्बु, दुर्गा कुर्रे, पुरुषोत्तम देवांगन, ललित देवांगन, गिरधर देवांगन, पवन साहू, राज अग्रवाल, शांति सोनी, समिष्ठा कंसारी, लता श्रीवास, अनीता प्रकाश, स्वाति बंसियार, श्याम बाई, भालचंद तिवारी, समद बेग, हरदयाल कंवर, डुग्गू प्रधान, रंजन केवंत, पुनीराम देवांगन, राकेश जोशी, राजू शर्मा, भागीरथी दुबे, शैलेश शर्मा, बलबीर सिंह, एकांश तिवारी, हाशिम खान, एम.डी. अंसारी, गजेंद्र देवांगन, संतोष चंद, गोविंद देवांगन, रमेश, ओम देवांगन, हरीश श्रीवास, साहिल सौदागर, संजय साधवानी, इकबाल अंसारी एवं विष्णु गाड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply