छत्तीसगढ़रायगढ़।सक्ती

मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा का रायगढ़, खरसिया, सक्ती और जांजगीर-चांपा न्यायालय का औचक निरीक्षण

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा निरीक्षण हेतु रायगढ़ पहुंचे। रायगढ़ से वापसी के दौरान उन्होंने खरसिया, सक्ती न्यायालय के साथ-साथ जिला न्यायालय जांजगीर-चांपा का भी औचक निरीक्षण किया।

वर्तमान में उच्च न्यायालय में दीपावली अवकाश चल रहा है, इसके बावजूद मुख्य न्यायाधीश विभिन्न आवश्यक प्रकरणों की सुनवाई कर रहे हैं और न्यायालयीन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई न्यायालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान जिला न्यायालय रायगढ़ के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार सहित अन्य न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं से मुलाकात की और पूर्व में किए गए निरीक्षण में बताई गई कमियों के निराकरण पर संतोष जताया।

मुख्य न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक ली और पुराने लंबित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी प्रकरणों का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

रायगढ़ के बाद मुख्य न्यायाधीश ने सिविल न्यायालय खरसिया के नवीन भवन का निरीक्षण किया और अधिवक्ताओं एवं न्यायिक अधिकारियों से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान पार्किंग क्षेत्र में उचित प्रकाश व्यवस्था के निर्देश दिए गए। इसके बाद उन्होंने सक्ती न्यायालय का भी दौरा किया, जहां सभी न्यायालयीन कक्षों और अनुभागों का अवलोकन किया गया। व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं और अधिवक्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

अंत में उन्होंने जिला न्यायालय जांजगीर-चांपा का निरीक्षण किया। वहां न्यायिक अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने न्यायालयीन प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और न्यायालय भवन की साफ-सफाई पर संतोष व्यक्त किया। अधिवक्ताओं से भी इस दौरान संवाद किया गया।

औचक निरीक्षण के दौरान रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव, संयुक्त रजिस्ट्रार कम पीपीएस एम.वी.एल.एन. सुब्रहमन्यम और प्रोटोकॉल ऑफिसर आर.एस. नेगी भी उपस्थित रहे।

मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के सतत प्रयासों से राज्य की न्यायालयीन व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।