मदिरा प्रेमियों की दूर नहीं हो रही समस्या, जांजगीर, चांपा की दुकानों में हफ्ते भर से शराब की किल्लत

अप्रैल की भीषण गर्मी में जहां आम लोग पानी के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं, वहीं जिले में शराब की किल्लत ने मदिरा प्रेमियों की परेशानी और बढ़ा दी है। जांजगीर, चांपा सहित जिले की अधिकांश शराब दुकानों में पिछले एक सप्ताह से स्टॉक की भारी कमी बनी हुई है, जिसके चलते लोग एक दुकान से दूसरी दुकान भटकने को मजबूर हैं।
स्थिति यह है कि दिनभर तेज धूप के बीच लोग बार-बार शराब दुकानों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है। कई जगहों पर दुकान खुली होने के बावजूद शराब उपलब्ध नहीं है, जिससे लोगों में असंतोष भी बढ़ता जा रहा है।
शराब दुकानदारों का कहना है कि उन्हें नियमित सप्लाई नहीं मिल रही है, जिसके कारण वे ग्राहकों को शराब उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। हालांकि, वे भी यह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं कि आखिर यह समस्या कब तक बनी रहेगी।
वहीं इस पूरे मामले पर आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। विभाग की ओर से न तो किसी प्रकार की आधिकारिक जानकारी दी जा रही है और न ही किल्लत के कारणों का खुलासा किया जा रहा है, जिससे स्थिति और भी अस्पष्ट बनी हुई है।
इधर शराब नहीं मिलने से मदिरा प्रेमियों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। लोग सुबह से लेकर देर शाम तक दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
फिलहाल, जिले में शराब की किल्लत कब तक दूर होगी, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। आम लोगों की नजर अब प्रशासन और आबकारी विभाग की ओर टिकी है कि आखिर कब स्थिति सामान्य होगी।
