
0 महामाया मंदिर हरदी में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ की जिला स्तरीय बैठक संपन्न।
0 सदस्यता विस्तार, विकासखंड निर्वाचन एवं संगठन सुदृढ़ीकरण पर बनी रणनीति
आध्यात्मिक आस्था, श्रद्धा और शक्ति की पुण्यधरा महामाया मंदिर हरदी सदैव से श्रद्धालुओं के लिए आस्था और विश्वास का केंद्र रही है। इसी पावन आध्यात्मिक वातावरण में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ जिला जांजगीर-चांपा की जिला स्तरीय बैठक महामाया मंदिर हरदी के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं गतिशील बनाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय एवं विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रांतीय मंत्री डॉ. भुवनेश्वर देवांगन, संभागीय अध्यक्ष डॉ. तरुण राठौर एवं संभागीय सचिव श्री प्रमोद हंसराज की विशेष रुप से गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ शक्ति स्वरूपा मां महामाया देवी एवं विद्या-दायिनी मां सरस्वती के विधिवत पूजन-अर्चन से हुआ। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र द्विवेदी ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मां सरस्वती की वंदना “वीणावादिनी वर दे…” का समवेत स्वर में पाठ कराया।
जिला स्तरीय बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना एवं विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रांतीय मंत्री डॉ. भुवनेश्वर देवांगन, संभागीय अध्यक्ष डॉ. तरुण राठौर, संभागीय सचिव श्री प्रमोद हंसराज एवं जिला अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र द्विवेदी ने रायपुर में आयोजित प्रांतीय बैठक में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के पूर्व प्रांताध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के नवपदस्थ अध्यक्ष श्री सुधीर गौतम जी को प्रांत स्तर पर गरिमापूर्वक सम्मानित एवं अभिनंदन करने एवं बैठक में लिए गए संगठनात्मक निर्णयों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। बैठक में जिले एवं सभी विकासखंडों में सदस्यता विस्तार अभियान को गति देने, सभी विकासखंडों में निर्वाचन संपन्न कराने, विकासखंड स्तर पर नियमित बैठक आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही वीएसके उपस्थिति, शिक्षकों के लिए आवश्यक टीईटी परीक्षा, जिले में महिला प्रकोष्ठ का गठन, जिला कार्यकारिणी में रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा जिला सहसचिव एवं जिला मीडिया प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला मीडिया प्रभारी के रिक्त पद को शीघ्र भरने के संबंध में विचार-विमर्श के उपरांत आम सहमति से डॉ. उमेश दुबे शिक्षक बम्हनीडीह को जिला मीडिया प्रभारी बनाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, शिक्षकों की समस्याओं एवं अधिकारों को प्रभावी ढंग से शासन के समक्ष रखने तथा संगठन की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष श्री संतोष साव ने हरदी स्थित मां महामाया मंदिर की पावन धरा पर जिला स्तरीय बैठक आयोजित किए जाने तथा प्रांतीय, संभागीय, जिला एवं विकासखंड स्तर के सभी पदाधिकारियों, शिक्षक साथियों के आगमन एवं गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के जिला संगठन मंत्री राजेन्द्र जायसवाल, जिला सचिव लक्ष्मीनारायण तिवारी, श्रीमती संध्या साव, श्रीमती स्तुति पाण्डेय, अजय चौबे, सतीश कुमार भारद्वाज, सनत कुमार देवांगन, सुनील कुमार अघरिया, किशोर दास मानिकपुरी, टेकराम साहू सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं शिक्षकगण उपस्थित थे।
