बेलदारपारा में मुक्तिधाम निर्माण कार्य का भूमि पूजन संपन्न, क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में पहल, वार्ड क्रमांक 12 में बनेगा मुक्तिधाम; अन्य वार्डों में भी कराए गए अतिरिक्त कार्य
चांपा। नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत वार्ड क्रमांक 12 में मुक्तिधाम निर्माण कार्य का भूमि पूजन विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। मुक्तिधाम निर्माण के लिए अधोसंरचना मद से 22.68 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने बताया कि वार्ड क्रमांक 12 के नागरिकों द्वारा लंबे समय से मुक्तिधाम निर्माण की मांग की जा रही थी। इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री को निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव पर स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ी। उन्होंने बताया कि नगर के वार्ड क्रमांक 1, 10, 13, 14, 22 और 25 के मुक्तिधामों में भी अतिरिक्त कार्य कराए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग के सभापति संजय सोनी ने कहा कि मुक्तिधाम निर्माण की पहल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे नागरिकों को अंतिम संस्कार से संबंधित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। लंबे समय से क्षेत्र में इस सुविधा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे पूरा करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है।

वार्ड पार्षद भगवंतिन साहू ने कहा कि मुक्तिधाम जैसी मूलभूत सुविधा का विकास सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वर्षा ऋतु के दौरान दाह संस्कार में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही, वहां प्रतीक्षालय की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। मुक्तिधाम निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर व्यवस्था और आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी।
इनकी रही उपस्थिति
भूमि पूजन कार्यक्रम में पार्षद महेंद्र तिवारी, सलीम मेमन, गौतम यादव, गंगाराम मांझी, बसंत बघेल, कमल सोनवानी, किशोर मोदी, अनुपम अग्रवाल, विक्रांत बघेल, गायत्री देवी बघेल, कुश चौहान तथा उप अभियंता यज्ञा सिदार सहित गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
