छत्तीसगढ़

शराबबंदी की मांग को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने कलेक्टोरेट का किया घेराव, कार्यालय में की नारेबाजी

रायपुर। सोमवार को कवर्धा में शराबबंदी समेत अन्य मांगों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने कलेक्टोरेट का घेराव किया। इन कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने कलेक्टोरेट से 200 मीटर दूर भोजली तालाब के पास बैरिकेड लगाकार रखा था। इसके बाद भी कई कार्यकर्ता कलेक्टोरेट कार्यालय के मेन गेट के सामने पहुंच गए। गेट के सामने कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

मौके पर मौजूद भाजपा महिला मोर्चा के नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के भ्रष्ट तंत्र, कुशासन और वादाखिलाफी से आज प्रदेश की जनता में रोष व्याप्त है। गंगाजल की कसम खाकर शराबबंदी का वादा करने वाली कांग्रेस सरकार के शासन में विगत तीन माह में शराब के सेवन से आठ लोगों की जान चली गई। सोमवार को प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा कवर्धा द्वारा उन्हीं वादाखिलाफी के विरुद्ध व प्रदेश में जहरीली शराब बेचने के खिलाफ एकदिवसीय कलेक्टर कार्यालय एवं आबकारी कार्यालय का घेराव किया गया। साथ ही कहा कि 1200 करोड़ का शराब घोटाला करने वाली इस सरकार के खिलाफ अब प्रदेश की नारी शक्ति ने भ्रष्टाचारी सरकर को हटाकर छत्तीसगढ़ में विकास और सुशासन का कमल खिलाने का संकल्प कर लिया है। इस अवसर पर जिला भाजपा महिला मोर्चा की समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थीं।