छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपाराजनीतिरायपुर

सड़क के गड्ढों में बेशरम पौधे लगाकर किया गया अनोखा प्रदर्शन, नगरपालिका के खिलाफ भाजपा व भाजयुमो का संयुक्त आंदोलन

जांजगीर-चांपा। नगरपालिका जांजगीर नैला की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा एवं नगर मंडल भाजपा द्वारा जांजगीर नैला शहर में मुख्य मार्ग के किनारे बड़े-बड़े गड्ढों का नामकरण करते हुए बेशरम के पौधे लगाए। वहीं पार्षद अमित यादव ने कीचड़ से भरे पानी में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और नपा सीएमओ और अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजयुमो और भाजपा नगर मंडल ने नपाध्यक्ष भगवानदास गढ़ेवाल से इस्तीफा मंगा गया।

बीटीआई चौक से कचहरी चौक तक रैली भी निकाली गई। बीटीआई चौक से कचहरी चौक तक डीएमएफ फंड से लगभग 1 करोड़ 31 लाख रुपए की लागत से रोड निर्माण किया जाना है, जिसे नगर पालिका जांजगीर नैला के द्वारा संबंधित ठेकेदार शिवम् कंस्ट्रक्शन को दिया गया है। वह एक माह से बीटीआई स्कूल के पास लगभग एक से डेढ़ फीट गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है और आज पर्यंत तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, जिससे आए दिन दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। बड़ी गाड़ियों का आना जाना लगा रहता है, जिसके कारण दुर्घटना होने की संभावना बनी हुई है एवं आम जनता को आने.जाने में बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी प्रकार नगर के हृदय स्थल कचहरी चौक से लेकर नेताजी चौक तक रोड में बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटना हो रही है। इसमें डी.एम.एफ. फंड से जारी की गई राशि लगभग एक करोड रुपए शासन द्वारा दिया गया है, जिसका भी कार्य आज पर्यंत तक आरंभ नहीं हो सका है। खराब सड़के, नाली, नगर की विद्युत व्यवस्था एवं जल आवर्धन योजना विगत वर्षों से बंद पड़ा है। उसे भी जल्दी काम को शुरू करने की मांग की गई। भारतीय जनता युवा मोर्चा और नगर मंडल के इस विरोध प्रदर्शन में रोड सुधार का कार्य नहीं हुआ तो 5 अक्टूबर को नगर पालिका में धरना प्रदर्शन कर ताला लगाया जाएगा। इस दौरान आशुतोष गोस्वामी नगर मंडल जांजगीर नैला, भुनेश्वर साहू ग्रामीण मंडल, मुकेश जायसवाल जिला अध्यक्ष भाजयुमो, दिनेश राठौर नगर मंडल अध्यक्ष, पार्षद अमित यादव, उमेश राठौर, छोटू निर्मलकर, विवेक सिंह, सुधीर झाझड़िया, हितेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।