छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

श्री मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में स्वास्थ्य विभाग का छापा, जांच में मिलीं कई खामियां

0 आयुष्मान कार्ड से लेकर इलाज की व्यवस्था तक उठे सवाल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत के बाद हरकत में आया विभाग; जांच प्रतिवेदन के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

जांजगीर चांपा। मरीजों के इलाज, अस्पताल की सुविधाओं और आयुष्मान कार्ड से जुड़ी शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को श्री मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल बर्न एंड ट्रॉमा सेंटर में छापेमार जांच की। जांच टीम के अस्पताल पहुंचते ही प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच हलचल तेज हो गई। टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय सुविधाओं और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। प्रारंभिक जांच में कई कमियां सामने आने की जानकारी दी गई है।

आयुष्मान कार्ड काउंटर से लेकर लिफ्ट तक व्यवस्था पर सवाल

सीएमओ कार्यालय से आयुष्मान कार्ड प्रभारी डॉ. उज्ज्वल सिंह और डॉ. अमित अग्रवाल की टीम अस्पताल पहुंची और विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान आयुष्मान कार्ड काउंटर अस्पताल के पीछे संचालित होने और प्रथम तल तक पहुंचने के लिए लिफ्ट की व्यवस्था नहीं होने जैसी कमियां सामने आने की बात कही गई है। टीम ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और संचालन से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की।

सरकारी डॉक्टर के निजी अस्पताल में इलाज करने की जानकारी की भी जांच

जांच के दौरान जिला अस्पताल में पदस्थ एक डॉक्टर द्वारा निजी अस्पताल में इलाज किए जाने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। इस पहलू की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा अस्पताल के संचालन और चिकित्सकीय व्यवस्था से जुड़े कुछ अन्य बिंदुओं पर भी टीम ने जानकारी जुटाई। होम्योपैथिक चिकित्सक से संबंधित अस्पताल संचालन के पहलू को लेकर भी जांच में सवाल उठने की जानकारी मिली है। हालांकि, इन बिंदुओं पर अंतिम निष्कर्ष जांच प्रतिवेदन के बाद ही स्पष्ट होगा।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक पहुंची थीं शिकायतें

अस्पताल के खिलाफ आयुष्मान कार्ड के कथित दुरुपयोग, मरीजों के इलाज और उपलब्ध सुविधाओं को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। शिकायतें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की। टीम ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं और दस्तावेजों का परीक्षण किया, ताकि शिकायतों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।

जांच रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई

जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनीता श्रीवास्तव के अनुसार, जांच के दौरान अस्पताल में कई कमियां पाई गई हैं। फिलहाल जांच प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के अन्य निजी अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और इलाज संबंधी शिकायतों की जांच जारी रखने के संकेत दिए हैं।

अब निगाहें जांच प्रतिवेदन और विभागीय कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह है कि जांच में सामने आई कमियों पर विभाग क्या कदम उठाता है और मरीजों को बेहतर एवं सुरक्षित इलाज उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था में कितना सुधार होता है।

Leave a Reply