छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर के आश्वासन के बाद भी जंगलों में महुआ शराब का कारोबार बेखौफ! आखिर कहां अटकी कार्रवाई?

चार दिन पहले खबर के बाद कलेक्टर जनमेजय महोबे ने खुद आबकारी अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की, एसपी से चर्चा का भी दिया था हवाला; तत्काल कार्रवाई का भरोसा भी मिला, लेकिन अब तक नतीजा सामने क्यों नहीं आया?

जांजगीर-चांपा। जिले के जंगलों में कथित तौर पर धड़ल्ले से चल रहे अवैध महुआ शराब के कारोबार पर आखिर प्रशासन का शिकंजा कब कसेगा? चार दिन पहले जब देवरी, खोरसी और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कच्ची महुआ शराब बनाने और गांवों तक इसकी सप्लाई होने का मामला सामने आया, तब उम्मीद जगी थी कि जिला प्रशासन तत्काल हरकत में आएगा। कलेक्टर जनमेजय महोबे ने खुद आबकारी अधिकारी से मोबाइल के जरिए संपर्क करने की कोशिश की। उन्होंने संबंधित इलाकों में तत्काल कार्रवाई कराने और महुआ शराब के कारोबार पर नकेल कसने का भरोसा भी दिलाया था। यहां तक कि पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय से चर्चा किए जाने का भी हवाला दिया गया। लेकिन अब सवाल यह है कि कलेक्टर के इस आश्वासन के बाद जमीन पर क्या बदला?

मीडिया में खबर आने के बाद भी देवरी और खोरसी के जंगलों में कथित अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ किसी बड़ी कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है। आखिर कलेक्टर के निर्देशों का पालन हुआ या नहीं? यदि कार्रवाई हुई है तो उसका ब्यौरा सामने क्यों नहीं आया? और यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब कौन मांगेगा?

कलेक्टर ने दिखाई थी तत्परता, फिर कार्रवाई का हिसाब कहां?

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर जनमेजय महोबे ने आबकारी अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया था। उन्होंने संबंधित स्थानों पर तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिया था। प्रशासनिक स्तर पर पुलिस अधीक्षक से चर्चा की बात भी सामने आई थी। ऐसे में जिले के लोगों को उम्मीद थी कि अगले ही दिन आबकारी और पुलिस की टीम जंगलों में दबिश देगी और अवैध शराब के ठिकानों पर कार्रवाई करेगी। लेकिन अब तक सार्वजनिक रूप से ऐसी किसी बड़ी कार्रवाई का विवरण सामने नहीं आया है। क्या कलेक्टर ने आबकारी विभाग से कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी? क्या संबंधित अधिकारियों ने उन्हें कार्रवाई की जानकारी दी? क्या जंगलों में संचालित कथित भट्टियों की पहचान हुई? इन सवालों पर प्रशासन की ओर से स्पष्ट जवाब सामने आना जरूरी है।

जंगलों में कथित भट्टियां, गांवों तक पहुंच रही महुआ शराब

देवरी, खोरसी और आसपास के ग्रामीण इलाकों से लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं कि सुनसान जंगलों में कच्ची महुआ शराब तैयार की जा रही है और फिर इसे आसपास के गांवों में पहुंचाया जा रहा है। गांवों की गलियों और नुक्कड़ों तक शराब की उपलब्धता की शिकायतें इस कारोबार के व्यापक होने की आशंका पैदा करती हैं। यदि इन शिकायतों की पुष्टि होती है, तो यह केवल आबकारी कानून के उल्लंघन का मामला नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीण समाज और जनस्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर चुनौती भी बनेगा। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह केवल आश्वासन तक सीमित न रहे, बल्कि ठोस कार्रवाई का विवरण भी जनता के सामने रखे।

कलेक्टर के जिले में पुलिस सक्रिय, आबकारी विभाग पर सवाल

इस मामले में शिवरीनारायण पुलिस की ओर से अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब पुलिस अपने स्तर पर कार्रवाई कर रही है, तो आबकारी विभाग की टीम की सक्रियता और परिणामों की जानकारी क्यों नहीं दिख रही? नवागढ़, शिवरीनारायण और पामगढ़ बीट में नए आबकारी इंस्पेक्टरों की तैनाती के बाद अवैध महुआ शराब के कारोबार को लेकर शिकायतें बढ़ने का दावा भी स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि के लिए विभागीय आंकड़ों और कार्रवाई के रिकॉर्ड की जरूरत है। विभाग को बीटवार कार्रवाई, जब्ती और दर्ज प्रकरणों का विवरण सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

आखिर कलेक्टर के आश्वासन के बाद भी जंगलों में कथित महुआ शराब कारोबार पर कार्रवाई की तस्वीर सामने क्यों नहीं आई? क्या प्रशासन संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगेगा, या फिर यह मामला भी आश्वासन और इंतजार के बीच दबकर रह जाएगा?

Leave a Reply