सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों को लेकर ग्राम पहरिया में भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक

0 7 अक्टूबर को जांजगीर पुलिस लाइन में होगा आयोजन, यात्रा को सफल बनाने कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां
जांजगीर चांपा। आगामी 7 अक्टूबर 2026 को जांजगीर पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली ‘सेवा ज्योति यात्रा’ की तैयारियों को लेकर ग्राम पहरिया मंडल में भारतीय जनता पार्टी की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के साथ ही कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी लक्ष्मी चंद देवांगन के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने, यात्रा के प्रचार-प्रसार तथा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी लक्ष्मी चंद देवांगन, मंडल महामंत्री शेखर यादव और मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश श्रीवास सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए कमला देवी पाटले और लक्ष्मी चंद देवांगन ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को सेवा ज्योति यात्रा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा जनसेवा और सामाजिक चेतना को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
वहीं मंडल महामंत्री शेखर यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को यात्रा के प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क और व्यवस्थाओं से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश श्रीवास ने कहा कि ग्राम पहरिया से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता 7 अक्टूबर को सुबह 9 बजे जांजगीर पुलिस लाइन पहुंचकर सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया।
