
आरसेटी में 6 दिवसीय जनरल ईडीपी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, 27 प्रशिक्षणार्थी ले रहे हैं हिस्सा।
चौथा स्तंभ न्यूज़@जांजगीर-चांपा।
खेतों में धान की कटाई के बाद किसानों द्वारा अक्सर पराली को अनुपयोगी समझकर जला दिया जाता है, जबकि यही पराली बेरोजगार युवाओं और महिलाओं के लिए आमदनी का एक बेहतर जरिया बन सकती है। इसी उद्देश्य से ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में 6 दिवसीय सामान्य उद्यमिता विकास कार्यक्रम (जनरल ईडीपी) का आयोजन संस्थान के निदेशक ललित कुमार हेमरम के मार्गदर्शन एवं फेकेल्टी अरुण कुमार पाण्डे, उत्तम कुमार राठौर के सहयोग से ट्रेनर दीनदयाल यादव द्वारा किया जा रहा है। इसमें 27 युवा, युवतियां एवं महिलाएं शामिल होकर पराली से आय अर्जित करने की तकनीक और स्वरोजगार स्थापित करने के गुर सीख रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पराली का सदुपयोग कर मशरूम उत्पादन करने, जैविक खाद तैयार करने तथा कृषि अवशेषों को उपयोगी उत्पादों में बदलने की संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है। इसके साथ ही उद्यमिता विकास, व्यवसाय का चयन, लागत एवं लाभ का आकलन, बाजार की मांग, उत्पादों की बिक्री, बैंकिंग एवं ऋण सुविधा सहित स्वरोजगार शुरू करने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवक-युवतियों एवं महिलाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि स्वयं का उद्यम स्थापित कर दूसरों को भी रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना है। प्रशिक्षणार्थियों को ट्रेनर द्वारा बताया जा रहा है कि धान की पराली पर्यावरण के लिए समस्या बनने के बजाय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम बन सकती है। इसके माध्यम से मशरूम उत्पादन और जैविक खाद निर्माण जैसे छोटे उद्यम शुरू कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है। छह दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से प्रतिभागियों में स्वरोजगार के प्रति रुचि बढ़ने के साथ ही गांवों में उपलब्ध कृषि संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। प्रशिक्षण में श्रुति कुमारी सुकली, अंजलि देवरी, अश्वंत पाटले भद्रा, गौरव बंजारे, प्रशांत कौशिक, हरीश कश्यप, सुनील साहू डोंगाकाहरौद,विशाल लहरे, सुभद्रा फुल्ल्र्र, रेखा सोनवानी चाम्पा, नागेश्वर नवापारा, राजेश गबेल चिखलरौंदा, भागीरथी, घनश्याम बरपाली, शैलेन्द्र डहरिया अमरताल, प्रेमकुमार साहू पिसौद, रतन टंडन हथनेवरा, संतोषी,संतोषी केंवट यशवंतिन केंवट, सुकृता बाई बिरगहनी च आदि शामिल हैं।