सिवनी स्कूल में बच्चों को दी गई नववर्ष की ऐतिहासिक जानकारी, पौधरोपण व न्योता भोज का आयोजन

जांजगीर-चांपा। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार एक जनवरी को मनाए जाने वाले नववर्ष के इतिहास से बच्चों को अवगत कराते हुए शिक्षक अशोक तिवारी ने बताया कि नए वर्ष की यह परंपरा रोमन सम्राट जूलियस सीजर द्वारा प्रारंभ की गई थी। उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सिवनी के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विभाग में विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए कहा कि ईसा पूर्व 46 में जूलियस सीजर ने कैलेंडर में सुधार कर जनवरी को वर्ष का पहला महीना घोषित किया। बाद में पोप ग्रेगरी द्वारा किए गए संशोधनों के बाद ग्रेगेरियन कैलेंडर अस्तित्व में आया, जिसे आज पूरी दुनिया मानती है।
शिक्षक अशोक तिवारी ने बच्चों को संदेश दिया कि नववर्ष के दिन ऐसा स्थायी और श्रेष्ठ कार्य करना चाहिए, जो हमेशा याद रहे। इसी भावना के तहत विद्यालय परिसर में सभी शिक्षकों के सहयोग से दस अशोक के पौधों का रोपण किया गया। साथ ही बच्चों को मध्यान्ह भोजन में केला का अतिरिक्त आहार देकर न्योता भोज भी कराया गया।
कार्यक्रम में प्राथमिक प्रधान पाठक राजू प्रसाद देवांगन एवं पूर्व माध्यमिक प्रधान पाठक गायत्री देवांगन ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा घर पर अध्ययन करने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन यशवंत देवांगन ने किया तथा आभार नरेश देवांगन ने व्यक्त किया। इस अवसर पर नारायण चंद्रा, घनश्याम शुक्ला, गीता श्रीवास, देवेंद्र सिंह सहित डी.एड. और बी.एड. के छात्राध्यापक उपस्थित रहे।
