छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

पूर्व प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर निलंबित, संचालक लोक शिक्षण ने जारी किया आदेश

जांजगीर-चांपा। जिले के बहुचर्चित आत्मानंद स्कूल महात्मा ज्योतिबा फुले उत्कृष्ट विद्यालय, डोंगाकोहरौद के पूर्व प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर ने उन्हें निलंबित कर दिया है और निलंबन अवधि के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जांजगीर-चांपा में अटैच किया गया है।

जानकारी के अनुसार दिसंबर 2025 में तत्कालीन समय में प्राचार्य रहे कुंज किशोर के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें सामने आई थीं। आरोप था कि प्रैक्टिकल परीक्षा में विद्यार्थियों को 10 बोनस अंक देने के नाम पर उनसे स्कूल की रंगाई-पुताई कराई गई। इसके अलावा स्कूल फीस की अधिक वसूली तथा हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप भी लगा था।

स मामले में छात्रों को धमकाने से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद मामला काफी चर्चाओं में आ गया था।

कलेक्टर ने की थी प्रारंभिक कार्रवाई
शिकायत सामने आने के बाद तत्कालीन कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शिक्षा विभाग की टीम के साथ स्कूल पहुंचकर जांच की थी। जांच के बाद तत्काल प्रभाव से कुंज किशोर को उस विद्यालय से हटाकर अन्यत्र व्याख्याता पद पर पदस्थापना का आदेश जारी किया गया था।
इसके बाद विस्तृत जांच प्रतिवेदन 11 दिसंबर 2025 को कलेक्टर द्वारा लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर भेजा गया था।

संचालनालय ने जारी किया निलंबन आदेश
जांच प्रतिवेदन और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर संचालक लोक शिक्षण कार्यालय रायपुर ने आरोपी पूर्व प्रभारी प्राचार्य के जवाब से असंतुष्ट होकर 9 मार्च को उनका निलंबन आदेश जारी कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय जांजगीर-चांपा से संबद्ध किया गया है।

पहले हो चुकी है पुलिस कार्रवाई
इधर वायरल वीडियो में हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर हिंदू संगठनों ने भी विरोध दर्ज कराया था और इस संबंध में पामगढ़ थाना में शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की थी।

मामला बना जिले में चर्चा का विषय
शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों से जुड़े इस संवेदनशील मामले में प्रशासन की कार्रवाई के बाद यह मुद्दा जिले में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहा। अब लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी निलंबन आदेश के बाद मामले में एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई सामने आई है।

Leave a Reply