छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जांजगीर-केरा मार्ग के मजबूतीकरण को मिली प्रशासकीय स्वीकृति

0 विधायक ब्यास कश्यप के प्रयास से 16.60 किमी सड़क के लिए ₹10.04 करोड़ से अधिक की मंजूरी

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण जांजगीर-केरा मार्ग के मजबूतीकरण कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल इस सड़क के 16.60 किलोमीटर लंबे हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 10 करोड़ 4 लाख 51 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

इस सड़क के मजबूतीकरण कार्य को वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल कराने में जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने महत्वपूर्ण पहल की थी। सड़क को बजट में शामिल किए जाने के बाद अब इसके लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में सड़क की स्थिति बेहतर होने की उम्मीद जगी है।

जांजगीर-केरा मार्ग क्षेत्र के आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सड़क के मजबूतीकरण से आवागमन को सुगम बनाने के साथ ही मार्ग की गुणवत्ता और टिकाऊपन में सुधार होने की उम्मीद है।

प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर विधायक ब्यास कश्यप ने लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़कों और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा जांजगीर-केरा मार्ग का मजबूतीकरण क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने बताया कि रोगदा बिरगहनी मार्ग की स्वीकृति के लिए भी वे प्रयासरत हैं। इस कार्य की भी शीघ्र स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में हर्ष है तथा उन्होंने अपने जागरूक एवं कर्मठ विधायक के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।

Leave a Reply