चांपा रेलवे स्टेशन की समस्याओं को लेकर CAIT ने उठाई आवाज, ओवरब्रिज-अंडरपास सहित कई मांगें रखीं

0 नैला जांजगीर क्षेत्र में रेल ओवरब्रिज, चांपा समपार फाटक पर अंडरपास और रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग
चांपा/जांजगीर-चांपा। चांपा रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में यातायात, यात्री सुविधाओं तथा रेल कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याओं को लेकर कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT), नगर इकाई चांपा ने रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संगठन ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक को पत्र देकर जनहित से जुड़ी विभिन्न मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
नगर इकाई अध्यक्ष राजन गुप्ता द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को दिए गए पत्र में बताया गया है कि नैला-जांजगीर क्षेत्र छत्तीसगढ़ का प्रमुख व्यापारिक एवं आवासीय क्षेत्र है। यहां व्यापारियों, आम नागरिकों और प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को रेल सुविधाओं की आवश्यकता रहती है।
ओवरब्रिज और अंडरपास निर्माण की मांग
पत्र में नैला पश्चिम केबिन के समीप नैला-बलौदा मार्ग पर रेल ओवरब्रिज (ROB) का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही मिशन हॉस्पिटल, चांपा समपार फाटक पर अंडरपास बनाने की मांग भी रखी गई है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।
स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार
CAIT ने चांपा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए शेड, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं उन्नयन की मांग की है। इसके अलावा आरक्षण काउंटर का संचालन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक करने और सुरक्षा की दृष्टि से आरक्षण काउंटर के समीप CCTV कैमरे लगाने का सुझाव दिया गया है।
पत्र में स्टेशन परिसर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित करने की मांग भी शामिल है, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और संचालन की मांग
संगठन ने चांपा स्टेशन से गुजरने वाली कुछ प्रमुख ट्रेनों के ठहराव तथा संचालन से संबंधित मांगें भी उठाई हैं। इनमें कामाख्या कर्म एक्सप्रेस (22511), बैद्यनाथ से गोवा (17321), तिरुपति से रक्सौल (17433), संतरागाछी-जबलपुर हमसफर एक्सप्रेस (20828) और रक्सौल-हैदराबाद (17006) तथा रायगढ़ से प्रयागराज के लिए नई ट्रेन शुरू करने और उसे चांपा में ठहराव देने का अनुरोध किया गया है। CAIT ने रेलवे प्रशासन से इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की अपील की है।
