छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

दो वर्षों में 4 लोगों की मौत, चांपा आगमन पर डीआरएम को सरपंच संजय रत्नाकर ने सौंपा समस्याओं का ज्ञापन, कोसमंदा रेलवे फाटक पर त्वरित कार्रवाई की मांग

0 अंडरब्रिज निर्माण अधूरा, ट्रेनों के लंबे समय तक खड़े रहने से ग्रामीण परेशान; स्कूली बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित

जांजगीर-चांपा। रेलवे डीआरएम के चांपा आगमन पर ग्राम पंचायत कोसमंदा के सरपंच संजय रत्नाकर ने क्षेत्र की विभिन्न रेलवे समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कोसमंदा रेलवे फाटक पर ट्रेनों के लंबे समय तक खड़े रहने, निर्माणाधीन अंडरब्रिज का काम अधूरा होने और ग्रामीणों को हो रही गंभीर परेशानियों का उल्लेख करते हुए रेलवे प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।

सरपंच ने बताया कि कोसमंदा में दो स्थानों पर अंडरब्रिज निर्माण का कार्य शुरू किया गया है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया है। दूसरी ओर, रेलवे फाटकों के बीच मालगाड़ियों और अन्य ट्रेनों के खड़े हो जाने से फाटक घंटों बंद रहते हैं। इससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

रेलवे DRM को ज्ञापन सौपते हुए संजय  रत्नाकर

बच्चों और मरीजों की सुरक्षा पर चिंता

ज्ञापन के अनुसार, फाटक बंद रहने के कारण स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। कई बार लोग जल्दबाजी में ट्रेन के नीचे से निकलकर दूसरी ओर जाने का प्रयास करते हैं, जिससे गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है। सरपंच ने दावा किया कि पिछले लगभग दो वर्षों में आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचा पाने के कारण करीब चार लोगों की मौत हो चुकी है। इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश है।

डीआरएम के सामने रखीं छह प्रमुख मांगें

सरपंच संजय रत्नाकर ने डीआरएम से मांग की कि निर्माणाधीन दोनों अंडरब्रिज का काम प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए। जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं होता, तब तक रेलवे फाटक के बीचों-बीच ट्रेनों को खड़ा नहीं किया जाए। पहले की तरह ट्रेनों को सिग्नल के पीछे निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि फाटक लंबे समय तक बंद न रहे।

इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस, मरीजों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की आवाजाही बाधित न हो, रेलवे अधिकारी मौके का निरीक्षण करें और भविष्य में फाटक पर लंबे समय तक ट्रेनों के खड़े रहने की स्थिति रोकने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

स्थायी समाधान की मांग

सरपंच ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी कलेक्टर और संबंधित रेलवे अधिकारियों को आवेदन एवं शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। ग्रामीणों के लिए यह केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि सुरक्षा और आपातकालीन जरूरतों से जुड़ा गंभीर विषय है।

डीआरएम को ज्ञापन सौंपते हुए सरपंच ने रेलवे प्रशासन से ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने और अंडरब्रिज निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की है।

Leave a Reply