क्राइमछत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

दिनदहाड़े लूट से दहला जांजगीर, एसपी ने संभाली कमान; नकाबपोश लुटेरों की तलाश में ‘ऑपरेशन हंट’

अमरैया पारा में महिला से मारपीट कर लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े थे बदमाश, गिरफ्तारी के लिए आठ सदस्यीय विशेष टीम गठित

जांजगीर-चांपा। शहर के अमरैया पारा में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने पुलिस महकमे को अलर्ट कर दिया है। घर में अकेली महिला को निशाना बनाकर मारपीट करने और सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लूटकर फरार हुए नकाबपोश बदमाशों की तलाश अब तेज कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन हंट’ शुरू कराया है। इसके तहत आठ सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई है, जिसे फरार आरोपियों तक पहुंचने और लूटे गए सामान की बरामदगी का जिम्मा सौंपा गया है।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है। जांजगीर के वार्ड क्रमांक 23 स्थित अमरैया पारा में शिक्षक अविनाश द्विवेदी के मकान में दो नकाबपोश बदमाश घुस आए। उस वक्त घर में उनकी पत्नी अकेली थीं। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गईं। इसके बाद बदमाशों ने आलमारी में रखे मंगलसूत्र समेत करीब चार तोला सोने के आभूषण, चांदी के जेवरात और सिक्के तथा 12 हजार रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम, एएसपी करेंगे नेतृत्व

वारदात के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 940/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों के फरार होने और घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

एसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, ‘ऑपरेशन हंट’ के तहत गठित टीम में नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सतरुपा तारम, निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, धर्मेन्द्र वैष्णव, कमलेश सेंडे, मनोहर लाल सिन्हा, भास्कर शर्मा और सहायक उप निरीक्षक रामप्रसाद बघेल को शामिल किया गया है। टीम का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करेंगे। इसके अलावा थाना जांजगीर, चांपा, बलौदा, साइबर थाना, चौकी नैला और पुलिस सहायता केंद्र करही को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

घर की गतिविधियों पर नजर रखने का संदेह

वारदात की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में काम करने वाली महिला के जाने के कुछ ही समय बाद बदमाश मकान में दाखिल हुए थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले घर की गतिविधियों और सदस्यों की दिनचर्या पर नजर रखी होगी। शिक्षक अविनाश द्विवेदी के माता-पिता भी घटना से दो दिन पहले बिलासपुर गए हुए थे। बताया गया है कि मकान गली के अंतिम छोर पर स्थित है और आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। ऐसे में आरोपियों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

दिनदहाड़े लूट से मोहल्ले में दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग

शहर के रिहायशी इलाके में सुबह के समय घर में घुसकर महिला से मारपीट और जेवरात लूटने की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश है। लोगों ने मोहल्लों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है। अब सबकी नजरें ‘ऑपरेशन हंट’ पर टिकी हैं। पुलिस की विशेष टीम के सामने नकाबपोश आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के साथ लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद करने की चुनौती है। देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कब तक कर पाती है।

Leave a Reply