बड़ी खबर: करोड़ों की संपत्ति के विवाद में बिखरा परिवार! मां की तलाश में दर-दर भटक रहा इकलौता बेटा, पत्रकार भूपेंद्र देवांगन ने बहन-जीजा पर लगाए गंभीर आरोप
पिता की मौत के बाद मां को साथ ले जाने का आरोप, 18 अक्टूबर से नहीं मिल रही मां की कोई जानकारी; संपत्ति और बीमा राशि के लालच में परिवार को तोड़ने की साजिश की जताई आशंका, चांपा पुलिस से लगाई मां की सुरक्षा और गुमशुदगी की जांच की गुहार
जांजगीर-चांपा। जिस मां ने बेटे को जन्म दिया, जिस पिता ने पूरी जिंदगी परिवार के लिए मेहनत करके संपत्ति बनाई, उसी परिवार में आज संपत्ति और पैसों को लेकर रिश्तों में दरार आने का गंभीर मामला सामने आया है। पिता की मृत्यु के बाद मां की तलाश में एक इकलौता बेटा दर-दर भटकने को मजबूर है। यह मामला किसी और का नहीं, बल्कि पत्रकार भूपेंद्र देवांगन का है, जिन्होंने अपनी मां श्रीमती राजकुमारी देवांगन के संबंध में पुलिस थाना चांपा में लिखित शिकायत देकर उनकी तलाश, सुरक्षा और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पत्रकार भूपेंद्र देवांगन का आरोप है कि उनकी बहन प्रतिभा देवांगन उनकी मां राजकुमारी देवांगन को 18 अक्टूबर 2026 को अपने साथ ले गईं। इस दौरान न तो उन्हें मां को ले जाने का कारण बताया गया और न ही यह जानकारी दी गई कि उनकी मां को कहां रखा गया है। भूपेंद्र के अनुसार, 18 अक्टूबर से लेकर आज तक उन्हें अपनी मां के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। न मां घर वापस लौटी हैं और न ही उन्हें मां से मिलने दिया जा रहा है।
पिता की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद, 15 दिनों तक कहां रखा गया था अधिवक्ता को?
भूपेंद्र देवांगन ने अपनी शिकायत और बयान में बताया कि उनके पिता श्री ओमप्रकाश देवांगन, जो चांपा क्षेत्र के जाने-माने अधिवक्ता एवं नोटरी थे, का निधन 6 अक्टूबर 2026 को हुआ था। भूपेंद्र का आरोप है कि उनके पिता की तबीयत खराब होने के बावजूद उन्हें समय पर कोई जानकारी नहीं दी गई। उनका कहना है कि पिता को लगभग 15 दिनों तक मुकेश देवांगन के घर एवं दुकान कोसा निकेतन में रखा गया था।
भूपेंद्र ने सवाल उठाया है कि जब उनके पिता चांपा के प्रतिष्ठित अधिवक्ता एवं नोटरी थे, तो क्या उनके पास इलाज के लिए पैसे नहीं थे? क्या जांजगीर-चांपा में बड़े अस्पताल और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं? आखिर उनके पिता को कोसा निकेतन स्थित घर-दुकान में रखने के पीछे क्या कारण था? उन्हें समय पर अस्पताल में भर्ती कराकर समुचित उपचार क्यों नहीं कराया गया? भूपेंद्र का कहना है कि उनके पिता को 6 अक्टूबर की रात लगभग ढाई बजे उनके घर लाया गया। उनका आरोप है कि पिता की गंभीर स्थिति और मृत्यु के घटनाक्रम की जानकारी उनसे छिपाई गई। वे आज भी अपने पिता की मृत्यु के वास्तविक कारण और अंतिम समय में हुए घटनाक्रम को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
इकलौता बेटा होने के बावजूद पिता के अंतिम संस्कार से किया गया वंचित!
भूपेंद्र देवांगन का सबसे बड़ा आरोप है कि पिता की मृत्यु के बाद उन्हें अपने पिता के अंतिम संस्कार और पारिवारिक धार्मिक क्रियाकर्म में उचित रूप से शामिल नहीं होने दिया गया।
उनका कहना है कि वे अपने पिता के इकलौते पुत्र हैं, इसके बावजूद उनकी बहनों और बहनोइयों के हस्तक्षेप के कारण उन्हें पिता के अंतिम संस्कार, दशगात्र एवं अन्य धार्मिक कार्यों से वंचित होना पड़ा। भूपेंद्र के अनुसार, इस घटनाक्रम के कारण उनके परिवार के पिता के बड़े भाई, भतीजे और अन्य रिश्तेदार भी अंतिम संस्कार एवं दशगात्र में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पारिवारिक रिश्तों को लंबे समय से तोड़ने की कोशिश की जाती रही है और पिता की मृत्यु के बाद परिस्थितियां और अधिक गंभीर हो गईं।
करोड़ों की संपत्ति और बीमा राशि को लेकर जताई साजिश की आशंका!
पत्रकार भूपेंद्र देवांगन ने अपनी शिकायत में आशंका जताई है कि उनके पिता द्वारा अर्जित संपत्ति, बैंक खातों, बीमा और अन्य वित्तीय लाभों को लेकर पारिवारिक विवाद खड़ा किया जा रहा है। उनका आरोप है कि पिता की मृत्यु के बाद बैंक खातों एवं बीमा राशि में उनकी मां राजकुमारी देवांगन नामिनी हैं। ऐसे में उन्हें आशंका है कि मां को अपने से अलग रखने के पीछे आर्थिक हित और संपत्ति से जुड़े कारण हो सकते हैं। भूपेंद्र का आरोप है कि पहले संपत्ति पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ और अब उनकी मां को अपने साथ ले जाकर उनसे संपर्क से दूर रखा जा रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले में प्रतिभा देवांगन, भूमिका देवांगन, मुकेश देवांगन और लक्ष्मीकांत देवांगन की भूमिका की जांच किए जाने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर उनकी मां को उनके घर से अपने साथ ले जाने की जरूरत क्यों पड़ी? यदि मां अपनी इच्छा से कहीं रह रही हैं, तो उन्हें कम से कम उनसे बातचीत करने और उनकी कुशलक्षेम जानने का अवसर क्यों नहीं दिया जा रहा है?
2016 से पारिवारिक विवाद का आरोप, पत्नी पर चाकू से हमला और गला दबाने की कोशिश का भी किया जिक्र
भूपेंद्र देवांगन ने अपने पुराने पारिवारिक विवादों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2016 से ही उनकी बहन भूमिका देवांगन, प्रतिभा देवांगन एवं उनके परिवार के साथ विवाद की स्थिति बनी हुई है। उनका आरोप है कि वर्ष 2016 में उनकी पत्नी ललिता देवांगन के साथ मारपीट की गई थी और चाकू से हमला करने की घटना भी हुई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुकेश देवांगन द्वारा उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई थी। भूपेंद्र का कहना है कि इन घटनाओं को लेकर पहले भी पुलिस में शिकायतें की गई थीं। उनके पास पुराने मामलों से संबंधित वीडियो, ऑडियो, मेडिकल दस्तावेज, न्यायालयीन कागजात और शिकायतों की प्रतियां उपलब्ध हैं।
उनका आरोप है कि वर्षों से चले आ रहे पारिवारिक विवाद के कारण उनके पिता और मां के साथ उनके संबंधों को प्रभावित किया गया तथा उन्हें परिवार से अलग-थलग करने की कोशिश की गई।
मां की सुरक्षा को लेकर चिंतित बेटा, घर में अकेले जला रहा पिता की याद में दीपक
भूपेंद्र देवांगन का कहना है कि आज उनके पिता इस दुनिया में नहीं हैं और मां भी घर पर नहीं हैं। जिस घर में कभी पूरा परिवार रहता था, आज उसी घर में वे अकेले रह गए हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वे अपने माता-पिता से बहुत प्यार करते हैं। आज भी प्रतिदिन अपने पिता की आत्मा की शांति के लिए घर में दीपक जलाकर उन्हें याद करते हैं। उनका कहना है कि पिता की मृत्यु के बाद मां ही उनका एकमात्र सहारा थीं, लेकिन अब मां के बारे में भी कोई जानकारी नहीं मिल रही है। भूपेंद्र ने कहा कि उनकी मां को उनसे अलग रखने के कारण उन्हें उनकी जान-माल की सुरक्षा की चिंता सता रही है। यदि उनकी मां के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए वे अपनी शिकायत में संबंधित लोगों को जिम्मेदार मानते हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि उनकी मां की वर्तमान स्थिति और इच्छा का स्वतंत्र रूप से पता लगाया जाए।
थाना प्रभारी के रवैये पर भी उठाए सवाल, पुलिस से न्याय की गुहार
इस पूरे मामले में पत्रकार भूपेंद्र देवांगन ने थाना प्रभारी चांपा को लिखित शिकायत देकर अपनी मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
हालांकि, भूपेंद्र का आरोप है कि उनके आवेदन पर अब तक अपेक्षित गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि जब एक व्यक्ति अपनी मां के अचानक घर से चले जाने, संपर्क नहीं होने और उनकी सुरक्षा को लेकर लिखित शिकायत कर रहा है, तो पुलिस को तत्काल मामले की जांच करनी चाहिए।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से निम्न मांगें की हैं— उनकी मां श्रीमती राजकुमारी देवांगन की वर्तमान लोकेशन एवं कुशलक्षेम का पता लगाया जाए। मां को स्वतंत्र रूप से पुलिस के समक्ष उपस्थित कर उनकी इच्छा जानी जाए। यह जांच की जाए कि मां को किस परिस्थिति में घर से ले जाया गया और उनसे संपर्क क्यों नहीं हो पा रहा है। यदि उन्हें उनकी इच्छा के विरुद्ध कहीं रखा गया है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। पिता की मृत्यु, अंतिम समय में उपचार, संपत्ति, बैंक खातों और बीमा राशि से जुड़े विवादों की निष्पक्ष जांच की जाए। पुराने पारिवारिक विवादों एवं उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जाए। भूपेंद्र देवांगन और उनकी मां की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
बड़ा सवाल: क्या संपत्ति और पैसों के विवाद में मां-बेटे का रिश्ता भी दांव पर लग गया?
जांजगीर-चांपा जिले में सामने आया यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आखिर एक मां को अपने बेटे से अलग रहने की नौबत क्यों आई? पिता की मृत्यु के बाद परिवार में ऐसा क्या विवाद हुआ कि इकलौता बेटा अपने ही घर में अकेला रह गया? क्या वास्तव में संपत्ति और बीमा राशि को लेकर विवाद है या इसके पीछे कोई अन्य पारिवारिक कारण है?
इन सभी सवालों का जवाब पुलिस की निष्पक्ष जांच से ही सामने आ सकता है। पत्रकार भूपेंद्र देवांगन की मांग है कि इस मामले को केवल घरेलू विवाद समझकर नजरअंदाज न किया जाए, बल्कि उनकी मां की सुरक्षा, उनकी स्वतंत्र इच्छा और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जाए। फिलहाल सबकी निगाहें चांपा पुलिस और जिला पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि एक बेटे की अपनी मां को तलाशने की इस गुहार पर क्या कार्रवाई होती है।
