छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

बाल दिवस पर बच्चों को बताए बाल अधिकारों के कानूनी प्रावधान, सुरक्षित बचपन का दिया संदेश

काशीगढ़ के साकेत विद्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बाल विवाह, बाल शोषण और गुड टच-बैड टच के प्रति किया जागरूक

जांजगीर-चांपा। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2026 को काशीगढ़ स्थित साकेत विद्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा और संरक्षण को लेकर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश एवं तालुका विधिक सेवा समिति जैजैपुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और किसी भी तरह के शोषण से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में अधिकार मित्र लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उनके अधिकारों का संरक्षण करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बाल अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी

लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल ने विद्यार्थियों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012 तथा किशोर न्याय अधिनियम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता, नालसा की विभिन्न योजनाओं और नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया। उन्होंने बच्चों को गुड टच-बैड टच, बाल शोषण, बाल श्रम और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे के साथ कोई परेशानी, शोषण अथवा अन्याय होता है तो उसे डरने या चुप रहने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर विधिक सहायता भी प्राप्त की जा सकती है।

नियमित विद्यालय आने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा

विद्यालय के संचालक बद्री प्रसाद चंद्रा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

सुरक्षित बचपन और उज्ज्वल भविष्य का संदेश

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल बाल दिवस मनाना ही नहीं, बल्कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ उनके अधिकारों की रक्षा, सुरक्षित बचपन और उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि उनका सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply