
0 संगठन विस्तार के बाद सनातन धर्म और गौसेवा को लेकर बनी नई रणनीति, हर मंगलवार अलग-अलग चौक पर होगा हनुमान चालीसा पाठ
चौथा स्तंभ न्यूज़@जांजगीर-चांपा।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद के संगठन विस्तार के बाद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने, सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और गौसेवा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक में तय किया गया कि सनातन धर्म के प्रति जागरूकता और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार को शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया जाएगा। इसी कड़ी में गोपाष्टमी के शुभ अवसर पर नेताजी चौक स्थित लिंक रोड शिवालय हनुमान मंदिर के पास सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा।
विश्व हिंदू परिषद ने सनातन धर्म से जुड़े लोगों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
बैठक में गौसेवा को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। जांजगीर की जीव सेवा समिति द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाली गायों के उपचार और सेवा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब विश्व हिंदू परिषद ने भी जीव सेवा समिति के साथ कदम से कदम मिलाकर गौसेवा के कार्यों में सहयोग करने का संकल्प लिया है। इसके तहत दुर्घटना में घायल गौवंश की सूचना मिलने पर त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए टीम सक्रिय रूप से कार्य करेगी। बैठक के दौरान नगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संगठन का विस्तार भी किया गया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नए सिरे से सक्रिय होकर सनातन धर्म की अलख जगाने, धार्मिक आयोजनों को व्यापक बनाने और सामाजिक सेवा के कार्यों को गति देने का संकल्प लिया।
इस अभियान में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी के साथ शहर की वानर सेना भी सहयोगी के रूप में शामिल रहेगी। संगठन की योजना धार्मिक गतिविधियों के साथ गौसेवा और सामाजिक दायित्वों को भी प्राथमिकता देने की है।हर मंगलवार हनुमान चालीसा पाठ और गौसेवा के संकल्प के साथ विश्व हिंदू परिषद ने जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को नए सिरे से गति देने की तैयारी की है।
