छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

मॉर्निंग वॉक योग समिति का चांपा से पीथमपुर तक की 12वीं पदयात्रा संपन्न, दिनोंदिन बढ़ रही यात्रा में भक्तों की संख्या

जांजगीर चांपा। चांपा शहर के मॉर्निंग वॉक एवं योग समिति बीते 6 माह से हर त्रयोदशी के अवसर पर भगवान परशुराम चौक से पीथमपुर तक पदयात्रा करते हुए भगवान भोलेनाथ महाकलेश्वर नाथ का जलाभिषेक करती है। खास बात यह है कि जब यात्रा की शुरूआत हुई थी, तो उस समय महज 22 लोग ही थे। लेकिन अब इसकी संख्या तीन गुनी हो गई है।

शहर में मॉर्निंग वॉक एवं योग समिति रोज सुबह योगाभ्यास का आयोजन करती है, लेकिन अब पदयात्रा की भी शुरूआत की गई है। चांपा से पिथमपुर तक पदयात्रा करते भक्त महाकलेश्वर नाथ के चरणों पर मत्था टेंकते हैं। पिथमपुर में भोलेनाथ की महाआरती कर शिव की स्तुति भी की जाती है। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ओम के उच्चारण से गूंजायमान हो जाता है। अंत में महामृत्युंजय मंत्र पढ़कर पदयात्रा का समापन किया जाता है। योग समिति का यह 12वीं पदयात्रा थी। इस पदयात्रा के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बनता है। शहर के लोग इस पदयात्रा का प्रतीक्षा करते रहते है कि कब त्रयोदशी आए और हम यात्रा में शामिल होकर बाबा का जलाभिषेक करे। योग समिति के वरिष्ठ सदस्य हरि देवांगन ने बताया कि जब हम यात्रा की शुरुवात किए थे, तब बीस से बाइस लोग ही थे, लेकिन आज देखते ही देखते पदयात्रा में शामिल भक्तों की संख्या 60 हो गई है। उन्होने बताया कि यह संख्या आगे और भी बढ़ेगी।

कीर्तन मंडली ने बढ़ाया उत्साह
मॉर्निंग वॉक योग समिति के टी सोनी व पुरूषोत्तम सोनी ने ढोलक और मंजीरा से पूरी यात्रा में पैदल चल रहे पदयात्री का उत्साह दुगुना कर दिया। लोग उनके मांदर के धुन में नाचते गाते बाबा के भजन पर थिरकते हुए कलेश्वरनाथ धाम पहुंचते हैं।