नैला-जांजगीर में 14 जोड़ों ने किया सामूहिक एकादशी उद्यापन, तुलसी-शालिग्राम विवाह ने मोहा मन

मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा एवं अग्रसेन सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन संपन्न, पूजा-पाठ, हवन और विशाल भंडारे का हुआ आयोजन
जांजगीर-चांपा। धार्मिक आस्था, भक्ति और सामाजिक सहभागिता के साथ मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा नैला-जांजगीर एवं अग्रसेन सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में अग्रसेन भवन, नैला-जांजगीर में सामूहिक एकादशी उद्यापन कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ। पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में 14 जोड़ों ने हिस्सा लेकर विधि-विधान से एकादशी उद्यापन किया।
दो दिवसीय इस आयोजन के प्रथम दिन 20 नवंबर को वृंदावन से पधारे वेदव्यास जी महाराज के सानिध्य में यजमानों को विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई तथा एकादशी व्रत की कथा का श्रवण कराया गया। इसके पश्चात तुलसी मैया एवं भगवान शालिग्राम जी की आरती की गई। पूजा के बाद यजमानों एवं व्रतधारियों के लिए फलाहार तथा उनके साथ आए परिवार के सदस्यों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
धूमधाम से निकली भगवान शालिग्राम की बारात, हुआ तुलसी विवाह
कार्यक्रम के प्रथम दिन शाम को भगवान शालिग्राम जी की भव्य बारात निकाली गई। बारात के पश्चात पूरे विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ तुलसी मैया एवं भगवान शालिग्राम जी का विवाह संपन्न कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
आयोजन के दूसरे दिन मां तुलसी की विदाई, हवन, सैयादान एवं गोदान की धार्मिक रस्में पूरी की गईं। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कम लागत में सामूहिक उद्यापन की पहल सराहनीय : अमर सुल्तानिया
कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, जोन-4 अमर सुल्तानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से जांजगीर-नैला में मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा एवं अग्रसेन सेवा समिति के संयुक्त प्रयास से इस तरह का आयोजन किया जा रहा है, जो पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि कई लोग अपने घरों में एकादशी उद्यापन करने की इच्छा रखते हैं, लेकिन व्यवस्थाओं और खर्च के कारण ऐसा नहीं कर पाते। सामूहिक उद्यापन के माध्यम से कम लागत में श्रद्धालुओं को विधि-विधान से उद्यापन करने का अवसर मिल रहा है। इस वर्ष एकादशी के दिन भारी बारिश के बावजूद यजमानों एवं श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी ने तन-मन से पूजा में भाग लिया और आयोजन की सराहना की।
उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा एवं अग्रसेन सेवा समिति के सदस्यों की मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन पुण्य के साथ-साथ समाज को जोड़ने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के लिए मार्गदर्शन एवं सहयोग जारी रखने की बात कही।
अग्रसेन सेवा समिति हमेशा करती रहेगी सहयोग : संजय गोपालपुरिया
अग्रसेन सेवा समिति के अध्यक्ष संजय गोपालपुरिया ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि जागृति शाखा द्वारा किया जा रहा यह प्रयास प्रशंसनीय है। पिछले दो वर्षों से अग्रसेन सेवा समिति सहयोगी संस्था के रूप में शाखा का उत्साहवर्धन करती आ रही है और भविष्य में भी इसी तरह सहयोग जारी रहेगा।
सभी सदस्यों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन : पूनम अग्रवाल
मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा की अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रवाल ने कहा कि लगातार दो वर्षों से सामूहिक एकादशी उद्यापन का आयोजन किया जा रहा है, जिसे समाज के अग्रजनों और श्रद्धालुओं का भरपूर स्नेह मिल रहा है। उन्होंने आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह सामूहिक सहयोग से सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष प्रशांत गांधी एवं प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती रीना केडिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में प्रांतीय निर्देशक श्रीमती सुनीता मोदी, प्रांतीय संयोजक श्रीमती शिखा अग्रवाल, प्रांतीय सहसंयोजक श्रीमती कल्याणी भोपालपुरिया, प्रांतीय सहसंयोजक श्रीमती अनुपमा गोयल, अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रवाल, सचिव श्रीमती अनीता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती ममता मोदी सहित श्रीमती बबीता गर्ग, श्रीमती संतोष अग्रवाल, श्रीमती अंजू अग्रवाल, श्रीमती शील अग्रवाल, श्रीमती अनामिका अग्रवाल, श्रीमती बबीता धानुका, श्रीमती पूनम अग्रवाल रुई, श्रीमती ज्योति अग्रवाल एवं श्रीमती राधा अग्रवाल सहित मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा की बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहीं।
दो दिवसीय इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता और सामूहिक सहभागिता की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की।