क्राइमछत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

CRIME REPORT: पिकनिक मनाने गए दो दोस्तों में हुआ खूनी संघर्ष, एक दोस्त ने दूसरे दोस्त पर किया चाकू से हमला, दोस्त की हुई मौत

जांजगीर चांपा। सक्ती के नगरदा स्थित वाटरफॉल में दीपका कोरबा के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दीपका से हाईस्कूल का छात्र रविवार को पिकनिक मनाने के लिए दोस्तों के साथ नगरदा गया हुआ था। इस दौरान किसी बात को लेकर दो दोस्तों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। इसी दौरान चाकूबाजी में छात्र घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार दीपका गेवरा से पिकनिक मनाने के लिए एक दर्जन से अधिक दोस्तों का समूह नगरदा वाटरफॉल गया हुआ था। पिकनिक मनाने के बाद वापसी के समय स्पॉट पर किसी बात को लेकर दो दोस्तों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर निखिल सिंह नामक युवक पर चाकू से हमला किया गया। बताया जा रहा है कि एक युवक ने निखिल सिंह पिता संजय सिंह को चाकू मारकर बुरी तरह घायल कर दिया, जहां से उसे इलाज के लिए चांपा के NKH अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद युवकों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी परिजनों व पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगरदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच पड़ताल मे जुट गई है।बताया जा रहा है मृतक के पिता ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। बहरहाल इस मामले में पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।

मामले में की जा रही छानबीन

नगरदा थाना की टीआई सुनीता नाग के मुताबिक पिकनिक मनाने गए छात्रों के बीच कुछ विवाद होने पर एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे फर्स्ट एड के लिए चांपा अस्पताल ले गए थे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मर्ग कायम कर आगे कार्रवाई की जा रही है। अभी तक घटना कैसे हुई यह स्पष्ट नहीं हुआ है। साथी छात्रों से पूछताछ की जा रही है।