छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपाराजनीति

POLITICAL NEWS: कांग्रेस की पहली सूची जल्द, बैठकों का चल रहा दौर, जांजगीर में पर्यवेक्षक सुरेश कुमार कल लेंगे बैठक

जांजगीर चांपा। विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज होने लगी है। सभी राजनीतिक दलों में बैठकों का दौर जारी है। भाजपा और बसपा का पत्ता खुलने के बाद कांग्रेस भी जल्द प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है। इसके लिए जिला से लेकर राजधानी में बैठकों का दौर चल रहा है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से नियुक्त लोकसभा पर्यवेक्षक व हिमाचल प्रदेश के विधायक सुरेश कुमार जिला प्रवास पर हैं और वो कल सोमवार को सुबह 10 बजे सर्किट हाउस जांजगीर में कांग्रेसजनों की बैठक लेंगे।

प्रदेश का सबसे चर्चित जांजगीर चांपा विधानसभा सीट को लेकर लोगों में इस बात की उत्सुकता है कि क्या इस बार 25 साल का इतिहास फिर से दोहराया जाएगा? या फिर इस सीट से किसी नए चेहरे को मौका मिलेगा। हालांकि इस सीट के लिए तीन दर्जन से अधिक दावेदारों ने आवेदन दिया है, जिनमें से चुनिंदा नामों को पैनल में शामिल कर प्रस्ताव व आवेदन भेजा गया है। इनमें से किसी एक को टिकट मिलनी है। बहरहाल, आधा दर्जन दावेदार ऐसे हैं, जो पूरी तरह आश्वस्त होकर तैयारी में जुटे हैं। उधर, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने भी मीडिया से बात करते हुए सितंबर के पहले हफ्ते तक प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने का दावा किया था। अभी कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी छत्तीसगढ़ दौरे में है। इस लिहाज से कयास लगाया जा रहा है कि 6 सितंबर तक कांग्रेस की पहली सूची आ जाएगी। बता दें कि कांग्रेस इस बार 75 प्लस का टारगेट लेकर चल रही है। जांजगीर चांपा से सक्ता अलग होने के बाद जिले की तीन सीटों में से एक में भी कांग्रेस नहीं है, जिसके चलते इन तीनों सीटों पर जीत हासिल करना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनोती है। पामगढ़ सीट अजा वर्ग के लिए आरक्षित है तो वहीं जांजगीर चांपा और अकलतरा सीट में सामान्य वर्ग की बहुलता है। सभी जगह दावेदारों की भरमार है। ऐसे में कांग्रेस को प्रत्याशी चयन में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता नागेन्द्र गुप्ता ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से नियुक्त लोकसभा पर्यवेक्षक व हिमाचल प्रदेश के विधायक सुरेश कुमार जिला प्रवास पर हैं और वो कल सोमवार को सुबह 10 बजे सर्किट हाउस जांजगीर में कांग्रेसजनों की बैठक लेंगे। बैठक में जिला कांग्रेस कार्यकारिणी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों, आनुषांगिक, विभाग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्षों, विधानसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा, अकलतरा, पामगढ़ के जोन, सेक्टर अध्यक्षों और कांग्रेसजनों से बैठक करेंगे। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार सिंह ने पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया है।