खरसियाछत्तीसगढ़

गोपाष्टमी पर गौ सेवा संगठन ने निकाली शोभायात्रा, नगर भर में गूंजायमान गौ हत्या बंद हो के नारे

खरसिया। गौ सेवा संगठन द्वारा गोपाष्टमी के पर्व पर रविवार को भव्य गौधन शोभायात्रा निकाली गई। वहीं पूरे नगर को गौ माता के जयकारों तथा गौ हत्या बंद हो के नारों से गूंजायमान कर दिया। इस शोभायात्रा का उद्देश्य गौ रक्षा तथा गौसंवर्धन के लिए प्रेरणादायी रहा।

यह शोभायात्रा रंगीन मछलियों के लिए प्रसिद्ध भगत तालाब शिवमंदिर से प्रारंभ हुई। जिसमें गौ माता अपने बछड़े के साथ रथ पर सवार थी। वहीं कृष्ण-बलराम अपने दिव्य रथ पर आसीन होकर अपनी गोद में बछड़ों को बैठाए हुए थे। यह झांकियां भव्य शोभायात्रा की शोभा में चार चांद लग रही थीं। लोकनृत्य कर्मादल द्वारा शोभायात्रा की अगुवाई करते हुए तथा डीजे में श्रीराधा-कृष्ण के भजनों से और गौ हत्या बंद हो तथा गौ माता के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। वहीं उल्लेखनीय होगा कि साहू समाज के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तथा खरसिया भाजपा के प्रत्याशी महेश साहू भी शोभायात्रा की शोभा बढ़ाने पहुंचे।

नगर भ्रमण के पश्चात कबीर मठ में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें समस्त गौ सेवकों ने प्रसाद ग्रहण किया। गौ सेवा संगठन के प्रमुख राकेश केसरवानी ने शोभायात्रा में शामिल सभी धर्मप्रेमियों एवं गौभक्त सनातनियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस शोभा यात्रा के लिए बहुतों ने सहयोग किया तथा नगर पालिका द्वारा शोभायात्रा के रूट पर पानी छिड़काव किया गया। इसके लिए सबका आभार व्यक्त किया गया।