छत्तीसगढ़राजनीतिरायपुर

‘जनजातीय गौरव दिवस के नाम पर दिखावा कर रही भाजपा ‘: आम आदमी पार्टी, तमनार ,हसदेव, बस्तर के जंगलों की लगातार कटाई से आदिवासीयों का हो रहा अपमान: आशुतोष गोपाल

चौथा स्तंभ न्यूज़@रायपुर।

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता आशुतोष गोपाल ने जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा सरकार से सवाल करते हुए कहा कि प्रदेशभर में बिरसा मुंडा जयंती के नाम पर बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंचों से आदिवासी गौरव, संस्कृति और अधिकारों की बातें की जा रही हैं, लेकिन दूसरी ओर प्रदेश के आदिवासियों की पहचान तमनार एवं हसदेव , बस्तर के जंगलों को काट कर मिटाई जा रही है और आदिवासी इलाकों में जल, जंगल, जमीन और संवैधानिक अधिकारों को लेकर लगातार संघर्ष की स्थिति बनी हुई है।

भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और शोषण के खिलाफ एवं जंगलों की रक्षा हेतु संघर्ष किया था। आज उनके नाम पर उत्सव मनाने वाली सरकार के सामने यह सवाल खड़ा है कि क्या आदिवासी समाज को वास्तव में उसके अधिकार मिल रहे हैं? क्या आदिवासियों की जमीन, जंगल और आजीविका सुरक्षित हैं? केवल समारोह आयोजित करने से आदिवासी समाज का सम्मान नहीं होता, बल्कि उनके अधिकारों और अस्तित्व की रक्षा करने से होता है।

हसदेव अरण्य,केते एक्सटेंशन परियोजना, तारा कोल ब्लॉक के जंगलों और वहां रहने वाले आदिवासी समुदायों के भविष्य को लेकर सरकार इतनी गंभीर क्यों नहीं दिखाई देती?पांचवीं अनुसूची वाले क्षेत्रों में ग्रामसभा की भूमिका और सहमति का सवाल बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे क्षेत्रों में आदिवासी समुदाय की जमीन, परंपरा और सामुदायिक अधिकारों की संवैधानिक सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है। एक ओर आदिवासी गौरव और विकास की बातें की जाती हैं, दूसरी ओर यदि आदिवासी गांवों तक अच्छी सड़क, स्वास्थ्य सुविधा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वच्छ पेयजल नहीं पहुंच पा रहा है।आदिवासी समाज की अपनी विशिष्ट संस्कृति, परंपराएं और पहचान हैं। उनके वास्तविक मुद्दे जमीन, जंगल, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और संवैधानिक अधिकार हैं। इन मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय समाज को धार्मिक आधार पर बांटने की राजनीति से किसका भला होगा? आदिवासी समाज को आपस में लड़ाने के बजाय उसकी वास्तविक समस्याओं का समाधान होना चाहिए। जिस तरह से पिछले 26 सालों से भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश में हाथी कोरिडोर के नाम पर सिर्फ हवाबाजी की है और प्रदेश के जल जंगल ज़मीन की बेंचकर “अडाणीगढ़” बनाया जा रहा है उसी का दुष्परिणाम है कि आज हाथी मानव द्वन्द में लोगों की जान जा रही है हालिया सरगुजा में काबरा हाथी द्वारा 19 लोगों की जान जाने के दोषी सरकार और वनमंत्री है, इनकी नाकामी से लोगों की जान जा रही है?आज छत्तीसगढ़ में आदिवासी मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में स्वाभाविक रूप से आदिवासी समाज की अपेक्षाएं और भी बढ़ जाती हैं। लेकिन हसदेव के जंगलों, जमीन अधिग्रहण, ग्रामसभा की भूमिका, खनन परियोजनाओं, ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सवाल अब भी सामने हैं।

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ का कहना है कि भगवान बिरसा मुंडा का वास्तविक सम्मान उनके संघर्ष, विचारों और आदिवासी समाज के अधिकारों को समझने में है। जनजाति गौरव दिवस केवल मंचों, भाषणों, पोस्टरों और सरकारी आयोजनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जब आदिवासी समाज की जमीन और जंगल सुरक्षित नहीं हैं, तो जनजाति गौरव का दावा कितना सार्थक है?

Leave a Reply