छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

रक्षाबंधन से पहले आज जांजगीर और चांपा की सड़कों पर दिनभर रहा जाम, लोगों को हुई भारी परेशानी

जांजगीर-चांपा। रक्षाबंधन पर्व के एक दिन पहले, शुक्रवार को जांजगीर और चांपा की सड़कों पर दिनभर अव्यवस्थित ट्रैफिक और बेतरतीब पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनी रही। सुबह से लेकर देर रात तक बाजारों में रक्षाबंधन की खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

सुबह से ही दोनों शहरों के प्रमुख बाजारों में रौनक देखने को मिली। राखी, मिठाई, कपड़े, उपहार और सजावटी सामान की दुकानों पर महिलाओं और बच्चों की भीड़ लगातार बनी रही। लेकिन इस भीड़ के कारण मुख्य बाजार और आसपास की गलियों में वाहनों की कतारें लगने लगीं। बेतरतीब तरीके से जगह-जगह खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों ने राहगीरों का चलना मुश्किल कर दिया।

मुख्य सड़कों पर भी जाम

चांपा में बेरियर चौक, स्टेशन रोड, सदर बाजार और पुराना नगरपालिका व पोस्ट आफिस सड़कों पर दिनभर जाम की स्थिति रही। वहीं, जांजगीर में कचहरी चौक, लिंक रोड, पुराना सब्जी बाजार और कचहरी चौक से नेताजी चौक रोड पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। इन स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद जाम कम नहीं हुआ। कई बार पुलिस को खुद आगे बढ़कर वाहन हटाने पड़े।

इमरजेंसी वाहन भी फंसे

सबसे चिंताजनक स्थिति तब देखने को मिली जब कुछ एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन भी इस जाम में फंस गए। अस्पताल ले जाए जा रहे मरीजों के परिजनों ने परेशान होकर लोगों से रास्ता देने की अपील की। हालांकि, भीड़ इतनी अधिक थी कि रास्ता साफ होने में काफी समय लगा।

पार्किंग व्यवस्था ध्वस्त

दोनों शहरों में नगर पालिका द्वारा  पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। लोग मुख्य सड़क किनारे ही अपने वाहन खड़े कर खरीदारी में लग गए। कई जगह तो सड़क के दोनों किनारों पर वाहनों की पार्किंग के कारण केवल एक लेन बची, जिसमें से दोतरफा यातायात गुजरने की कोशिश करता रहा।

लोगों में नाराजगी

खरीदारी के लिए आए कई लोगों ने यातायात व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि पर्व-त्योहार के समय पहले से ही प्रशासन को भीड़ का अंदाजा लगाकर वैकल्पिक यातायात योजना बनानी चाहिए, ताकि लोगों को इतनी परेशानी न हो।

प्रशासन के लिए सबक

चांपा में जिला पुलिस सुबह बैरियर चौक के पास लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए वहां हेलमेट वितरण कर रही थी तो वही ट्रैफिक जाम का नजारा रहा। त्योहार से पहले का यह अनुभव प्रशासन के लिए एक बड़ा सबक है। यदि आने वाले दिनों में गणेश उत्सव और अन्य पर्वों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यातायात जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।