
जांजगीर-चांपा जिले में स्कूलों के आसपास खुलेआम बिक रहे गुटखा, तंबाकू और मादक पदार्थों को लेकर अब प्रशासनिक सख्ती की तैयारी शुरू हो गई है। विधायक प्रतिनिधि (कृषि विभाग समिति) शुभम सिंह राजपूत ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक को औपचारिक शिकायत पत्र सौंपा है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिले के कई शासकीय एवं निजी स्कूलों के आसपास अवैध रूप से गुटखा, बीड़ी, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं। स्कूल परिसरों के पास लगे ठेलों और छोटी दुकानों के कारण छात्र-छात्राओं को ये सामग्री आसानी से उपलब्ध हो रही है, जिससे बच्चों में नशे की लत बढ़ने की आशंका गहराती जा रही है।
खास तौर पर 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी इस समस्या से अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं। कई अभिभावकों ने भी प्रशासन को शिकायत दी है कि ऐसे ठेलों की वजह से बच्चों के भविष्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
शुभम सिंह राजपूत ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि स्कूलों के आसपास लगे अवैध ठेलों को तत्काल हटाया जाए और नियमित निगरानी व विशेष अभियान चलाकर बच्चों को नशे से दूर रखा जाए।
इस पहल को जिले में नशा विरोधी अभियान को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है।