हनुमान धारा की दुर्दशा पर कांग्रेस नेता हुए सख्त, कलेक्टर से की तत्काल कार्रवाई की मांग

जांजगीर-चांपा। जिले के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल हनुमान धारा में चल रहे अवैध खनन और बेजा कब्जे को लेकर अब मामला गर्मा गया है। हसदेव नदी किनारे स्थित यह ऐतिहासिक स्थल लंबे समय से अवैध गतिविधियों की चपेट में है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है।
इसी समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव गिरधारी यादव ने कलेक्टर से मुलाकात कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि हनुमान धारा क्षेत्र में लगातार अवैध मिट्टी खनन, राखड़ पाटना, शासकीय भूमि पर कब्जा और पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाली गतिविधियाँ तेजी से बढ़ती जा रही हैं।
यादव ने कहा कि यह क्षेत्र न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि शहर के आसपास का एकमात्र प्राकृतिक पिकनिक स्थल भी है। अवैध खनन से इसकी सुंदरता नष्ट हो रही है और लोगों का आना-जाना भी प्रभावित हो रहा है।
कलेक्टर ने दिए निरीक्षण के संकेत
कांग्रेस नेता से मुलाकात के बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीर मानते हुए हनुमान धारा का जल्द निरीक्षण करने का आश्वासन दिया है। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से कदम उठाते हुए— SDM चांपा, श्री कोसमा को स्थल निरीक्षण के लिए भेजा, जिन्होंने संबंधित पटवारियों से शासकीय भूमि का पूरा रिकॉर्ड तलब किया है।
जनता में गुस्सा बढ़ा
स्थानीय लोगों का कहना है कि “हनुमान धारा का सीना अवैध खनन से छलनी हो रहा है और प्रशासन अभी तक चुप था।” लोगों का आरोप है कि राखड़ भराई और अवैध खुदाई के कारण हनुमान धारा अपना प्राकृतिक स्वरूप खो रहा है, और पर्यावरण पर भी खतरा बढ़ गया है।
क्या होगा आगे?
प्रशासन की सक्रियता से उम्मीद जताई जा रही है कि अवैध कब्जा हटेगा, खनन रोका जाएगा और हनुमान धारा के सौंदर्यकरण पर ठोस कदम उठाए जाएंगे।
