महिला स्व-सहायता समूह को तत्काल प्रभाव से मध्यान्ह भोजन संचालन से किया गया पृथक, प्रधान पाठक को जारी किया गया कारण बताओ नोटिस

0 शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौराभांठा मध्यान्ह भोजन प्रकरण में जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौराभांठा में मध्यान्ह भोजन ग्रहण करने के बाद कुछ विद्यार्थियों द्वारा पेट दर्द एवं गले में खराश की शिकायत किए जाने के मामले में जिला प्रशासन ने तत्परता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में पूरे मामले की गंभीरता से जांच की गई और आवश्यक कदम उठाए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने बताया कि विद्यालय में मध्यान्ह भोजन का संचालन राहुल महिला स्व-सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था। 13 दिसम्बर 2025 को विद्यालय में कुल 75 में से 52 विद्यार्थी उपस्थित थे। उस दिन खीर-पूड़ी का वितरण किया गया था, जिसे शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने ग्रहण किया। भोजन के बाद कुछ विद्यार्थियों ने अस्वस्थता की शिकायत की।
सूचना मिलते ही शिक्षकों द्वारा तत्काल शैक्षिक समन्वयक एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी नवागढ़ को अवगत कराया गया। इसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी तरुण साहू एवं शैक्षिक समन्वयक संजय राठौर विद्यालय पहुंचे और 108 एम्बुलेंस की सहायता से प्रभावित विद्यार्थियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों द्वारा सभी बच्चों की जांच कर आवश्यक उपचार दिया गया। बच्चों को ओआरएस घोल एवं पेट दर्द की दवाइयां प्रदान की गईं। एहतियातन चार बच्चों को बुखार की शिकायत पर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। वर्तमान में सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई गई है और उपचार के बाद बच्चों को सुरक्षित रूप से घर भेज दिया गया।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर, थाना प्रभारी एवं खाद्य निरीक्षक द्वारा विद्यालय एवं मध्यान्ह भोजन स्थल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य स्थिति की समीक्षा की गई। खाद्य सामग्री के नमूनों की जांच प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। एसडीएम जांजगीर के आदेश पर संबंधित महिला स्व-सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन संचालन से पृथक कर दिया गया है, वहीं प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा मध्यान्ह भोजन योजना में गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।