
रायपुर। नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित तीन दिवसीय “रायपुर साहित्य उत्सव-2026” के दूसरे दिन शनिवार को छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध कवयित्री पूजा अग्रवाल के चतुर्थ काव्य संग्रह ‘अम्मा की चाय’ का गरिमामय विमोचन किया गया। कार्यक्रम उत्सव के अनिरुद्ध नीरव मंडप में आयोजित हुआ, जिसमें साहित्य, पत्रकारिता और शिक्षा जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रही।
काव्य संग्रह का विमोचन छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा, न्यूज 18 इंडिया की वरिष्ठ पत्रकार व लोकप्रिय एंकर रुबिका लियाकत और दैनिक जागरण के सुप्रसिद्ध स्तंभकार व वरिष्ठ पत्रकार अनंत विजय के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार चितरंजन कर, IIIT नवा रायपुर के डायरेक्टर डॉ. ओमप्रकाश व्यास, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुशील त्रिवेदी, अरविंद मिश्रा, डॉ. स्वर्णलता सराफ, स्मिता शर्मा, ऋषि गुप्ता, अशोक वैश्य सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, लेखक, पत्रकार और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
‘अम्मा की चाय’ पूजा अग्रवाल का चौथा काव्य संग्रह है, जो उनकी परिपक्व काव्य दृष्टि और आम जनजीवन से जुड़ी संवेदनाओं का सजीव दस्तावेज है। इससे पहले उनके काव्य संग्रह काव्य मन का प्रकाश पुंज, कोशिशों की उड़ान और वीरा प्रकाशित हो चुके हैं।
यह पुस्तक माँ के स्नेह, त्याग, ममता और अम्मा के हाथ की चाय में घुले प्रेम की आत्मीय अनुभूति कराती है। छोटी-छोटी बातों में छिपी गहरी भावनाओं को उकेरता यह संग्रह पाठकों को एक भावनात्मक यात्रा पर ले जाता है, जो माँ की यादों को सहेजने का सुंदर माध्यम बनता है।