छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जिले युवा अभिषेक खांडेकर ने अंतरराष्ट्रीय किक बॉक्सिंग में जीते स्वर्ण व रजत पदक, बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

जांजगीर-चांपा। जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया जब थाना चांपा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक बी.पी. खांडेकर के सुपुत्र अभिषेक खांडेकर ने नई दिल्ली के केडी जाधव स्टेडियम में 04 से 08 फ़रवरी तक आयोजित वाको इंडिया इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग कप में सैकड़ो खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।

वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों सहित कई विदेशी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए अभिषेक ने उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया और अपने वर्ग में दमदार प्रदर्शन कर दो पदक हासिल किए।

अभिषेक ने मिडिया से चर्चा के दौरान बताया कि वे लंबे समय से किक बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं और लगातार प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। उनकी सफलता के पीछे माता-पिता का मार्गदर्शन और प्रशिक्षकों का समर्पित सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने आगे बताया कि उनकी बेचलर ऑफ़ बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री इसी साल पूरी हुई है वे आगे इसी में मास्टर्स करेंगे पर वे अपना करियर किक बॉक्सिंग में ही बनना चाहते हैं।

जिले के खेल प्रेमियों और नागरिकों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए अभिषेक को बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खेल जगत से जुड़े लोगों ने उनके उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है साथ ही कहा कि ऐसी उपलब्धियां जिले के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेंगी और जांजगीर-चांपा की पहचान राष्ट्रीय मंच पर और मजबूत होगी।

Leave a Reply