छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

VIDEO शिवरीनारायण मेले में बड़ा हादसा: आकाश झूला टूटने से दो युवतियां गंभीर घायल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

शिवरीनारायण में चल रहे विशाल माघी मेले में मंगलवार शाम करीब 4 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। नगर पंचायत कार्यालय के सामने उमेश गुप्ता द्वारा संचालित आकाश झूले की एक कुर्सी अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जिससे नीचे खड़ी दो युवतियां उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवतियों की पहचान चंद्रकांत कश्यप (15 वर्ष) और भूमिका कश्यप (21 वर्ष), निवासी ग्राम मल्दा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों को तत्काल एंबुलेंस द्वारा शिवरीनारायण के शबरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में भूमिका कश्यप को बिलासपुर रेफर किया गया है।

इस हादसे ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का आरोप है कि झूलों और अन्य मनोरंजन साधनों की फिटनेस जांच केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। बिना समुचित जांच के ही झूला संचालकों को अनुमति दे दी जाती है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत और संबंधित विभागों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। साथ ही मेले में बिना अनुमति संचालित ‘मौत का कुआं’ जैसे खतरनाक करतबों पर भी चिंता जताई गई है। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

वीडियो…

Leave a Reply