छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता राशि का वितरण कल, जांजगीर सहित ब्लॉक मुख्यालयों में होगा कार्यक्रम

जांजगीर चांपा।  छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत धान उत्पादक किसानों को आदान सहायता राशि वितरण हेतु 28 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योजना के तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे सहायता राशि अंतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की वर्चुअल उपस्थिति में कृषि उन्नति योजना के तहत धान उत्पादक किसानों को आदान सहायता राशि का वितरण सीधे उनके बैंक खातों के माध्यम से किया जाएगा।

जिला मुख्यालय जांजगीर में कार्यक्रम जिला ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इसके अलावा जनपद पंचायत परिसर बलौदा, सद्भावना भवन पामगढ़, जनपद पंचायत सभागार बम्हनीडीह तथा जनपद पंचायत सभागार अकलतरा में भी वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन सहकारिता एवं कृषि विभाग, जिला जांजगीर-चांपा द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम में नवागढ़ (जांजगीर) से नारायण चंदेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष, छत्तीसगढ़ विधानसभा; अकलतरा से सत्यालता मिरी, अध्यक्ष जिला पंचायत जांजगीर-चांपा; बलौदा से सौरभ सिंह, अध्यक्ष खनिज विकास निगम छत्तीसगढ़ शासन; पामगढ़ से अम्बेश जांगड़े, पूर्व संसदीय सचिव जांजगीर-चांपा; तथा बम्हनीडीह से गगन जयपुरिया, उपाध्यक्ष जिला पंचायत जांजगीर-चांपा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करना और कृषि कार्यों को लाभकारी बनाना है। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक किसानों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।