Uncategorized

छत्तीसगढ़ एनसीसी का गौरव: दिल्ली थल सैनिक कैंप में दिनेश चतुर्वेदी ने संभाली कंटिजेंट कमांडर की जिम्मेदारी

जांजगीर। छत्तीसगढ़ एनसीसी (आर्मी विंग) के लिए गौरव का विषय है कि वन सीजी एनसीसी बटालियन के एएनओ फर्स्ट ऑफिसर दिनेश चतुर्वेदी ने दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय थल सैनिक प्रतियोगिता-2026 में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टोरेट के दल का कंटिजेंट कमांडर के रूप में नेतृत्व किया। खास बात यह है कि दिनेश चतुर्वेदी जिले एवं बटालियन के पहले एनसीसी अधिकारी हैं, जिन्होंने दिल्ली में कंटिजेंट कमांडर की जिम्मेदारी निभाई है।

31 अगस्त से 11 सितंबर तक दिल्ली में आयोजित इस थल सैनिक कैंप में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टोरेट के सागर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, इंदौर एवं रायपुर ग्रुप से 92 एनसीसी आर्मी विंग कैडेट्स ने हिस्सा लिया। देशभर से चयनित करीब 1500 कैडेट्स ने प्रतियोगिता में भाग लिया। इस दौरान कैडेट्स को मैप रीडिंग, जजिंग डिस्टेंस, फील्ड सिग्नल्स, बाधा प्रशिक्षण, हेल्थ हाईजीन और फायरिंग जैसी कठिन प्रतियोगिताओं से गुजरना पड़ा।

कंटिजेंट कमांडर के रूप में दिनेश चतुर्वेदी ने कैडेट्स को लगातार मार्गदर्शन और प्रशिक्षण दिया। उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टोरेट ने राष्ट्रीय स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त किया। वहीं ओवरऑल बॉयज कैटेगरी में तीसरा और गर्ल्स कैटेगरी में सातवां स्थान हासिल हुआ।

दिनेश चतुर्वेदी ने कहा कि कर्नल सेंथिल कुमार एस के मार्गदर्शन में दो राज्यों के दल का राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व करना उनके लिए गर्व के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी थी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा करने के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ प्रयास किया गया।

कैंप में ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग में एसडी को द्वितीय स्थान के साथ सिल्वर मेडल, जबकि जजिंग डिस्टेंस एवं फील्ड सिग्नल में एसडब्ल्यू को तीसरा स्थान मिला। सर्विस शूटिंग में एसडब्ल्यू कैडेट्स ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

थल सेना कैंप के ओआईसी कर्नल सेंथिल कुमार एस के नेतृत्व में डायरेक्टोरेट लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। कैंप की सफलता में कर्नल सुमित शर्मा, कर्नल वेलमुरूगन और लेफ्टिनेंट कर्नल कंडपाल का विशेष योगदान रहा। टीम में एएनओ प्रेरणा तिवारी, जीसीआई शीला, जेसीओ रवि पून, अनूप बैक, अरुण, जय सिंह एवं नीलकमल घोष भी शामिल रहे।

दिनेश चतुर्वेदी के सफल नेतृत्व पर वन सीजी एनसीसी बटालियन के अधिकारियों एवं स्टाफ ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उनका यह दायित्व न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि जांजगीर और छत्तीसगढ़ एनसीसी के लिए भी गौरव का क्षण है।

Leave a Reply