आधी कीमत में छड़ दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी! नवागढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

हार्डवेयर कारोबारियों को बनाया निशाना, फोन-पे से रकम लेने के बाद मोबाइल बंद; दो मामलों में करीब 3.30 लाख रुपये की ठगी का आरोप, बैंक खाते और फर्जी विजिटिंग कार्ड जब्त
जांजगीर-चांपा। बाजार से आधी कीमत में छड़ (सरिया) दिलाने का लालच देकर हार्डवेयर कारोबारियों को ठगने वाले कथित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। नवागढ़ थाना क्षेत्र में सामने आए ठगी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने पुरुषोत्तम यादव और राजेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पिछले एक महीने के भीतर दो लोगों को अपना शिकार बनाया और करीब 3 लाख 30 हजार रुपये की ठगी की। पुलिस प्रेस विज्ञप्ति में ठगी की कुल रकम लगभग 4 लाख रुपये बताई गई है।
आधी कीमत का लालच, फिर मोबाइल बंद!
पुलिस के मुताबिक, पहला मामला ग्राम सिउड़ निवासी किशन राठौर से जुड़ा है। उन्होंने 15 अक्टूबर 2026 को नवागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि पुरुषोत्तम यादव और राजेश कुमार ने उन्हें कम कीमत पर छड़ दिलाने का भरोसा दिया। इसी झांसे में आकर उन्होंने फोन-पे के माध्यम से 80 हजार रुपये दे दिए। रकम लेने के बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए। शिकायत के आधार पर NCRP पोर्टल पर भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई और नवागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 338/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ट्रक में छड़ पहुंचा, लेकिन भुगतान लेकर आरोपी फरार!
ठगी का दूसरा मामला ग्राम अवरिद निवासी चंद्रशेखर कश्यप से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, पुरुषोत्तम यादव ने उन्हें छड़ उपलब्ध कराने का भरोसा देकर 2 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की। आरोपी ने शिवरीनारायण के एक छड़ विक्रेता को फोन कर अवरिद में माल पहुंचाने की बात कही और भुगतान माल उतरने के बाद करने का भरोसा दिलाया। इधर, चंद्रशेखर कश्यप को भी रकम तैयार रखने के लिए कहा गया। जब छड़ अवरिद पहुंचा तो आरोप है कि पुरुषोत्तम यादव पैसे लेकर वहां से फरार हो गया। बाद में जब शिवरीनारायण के दुकानदार ने छड़ की कीमत मांगी, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि दुकानदार और अवरिद के चंद्रशेखर कश्यप, दोनों को कथित तौर पर एक ही तरीके से ठगी का शिकार बनाया गया था। इस मामले में नवागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 339/26 दर्ज किया गया।
बैंक खाते और मोबाइल नंबर के तकनीकी विश्लेषण से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने पुरुषोत्तम यादव के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। उसके संभावित ठिकानों पर तलाश की गई, लेकिन जानकारी मिली कि वह कई वर्षों से अपने पुराने घर पर नहीं रह रहा है। लगातार पतासाजी के बाद आरोपी के बिलासपुर जिले के जांजी क्षेत्र में रहने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम वहां रवाना हुई और घेराबंदी कर पुरुषोत्तम यादव को पकड़ लिया।
पूछताछ में दूसरे आरोपी की भूमिका भी आई सामने
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान पुरुषोत्तम यादव ने सह आरोपी राजेश कुमार के साथ मिलकर ठगी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज, मोबाइल फोन और फर्जी विजिटिंग कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध में साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पांडे, निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई लम्बोदर सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, आरक्षक रोहित कहरा, प्रतीक सिंह और अंजना लकड़ा का सराहनीय योगदान रहा।
सावधान रहें कारोबारी: बाजार भाव से बहुत कम कीमत पर निर्माण सामग्री दिलाने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को अग्रिम भुगतान करने से पहले उसकी पहचान, दुकान और माल की वास्तविक उपलब्धता की पुष्टि जरूर करें। सस्ते सौदे का लालच कभी-कभी बड़ी आर्थिक ठगी का कारण बन सकता है।
चौथा स्तंभ | छत्तीसगढ़ का विश्वसनीय डिजिटल समाचार
www.chauthastambha.com