शराब केस में 1.5 लाख की कथित डील! सारागांव थाने के 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड, SP की बड़ी कार्रवाई से महकमे में हड़कंप

खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया पुलिस महकमा, प्रशिक्षु SI पुष्पेन्द्र साहू सहित छह पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज; जांच में रकम के लेन-देन की पुष्टि, अब भ्रष्टाचार का अपराध दर्ज करने की भी तैयारी
चौथा स्तंभ न्यूज़@जांजगीर-चांपा।
वर्दी की आड़ में कथित तौर पर पैसे लेकर शराब के आरोपियों को छोड़ने का मामला अब पुलिस विभाग के लिए बड़ी कार्रवाई का विषय बन गया है। सारागांव थाने में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित छह पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित ‘1.5 लाख लेकर शराब के आरोपियों को छोड़ा’ शीर्षक की खबर के बाद कराई गई जांच में आबकारी मामले के आरोपी से रकम के लेन-देन की बात प्रमाणित पाई गई। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
खबर का असर: SP ने छह पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को प्रकाशित समाचार को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने गंभीरता से लिया। मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर से कराई गई। जांच में सामने आया कि 4 नवंबर 2026 को आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी गोपाल से सारागांव थाने के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा रकम का लेन-देन किया गया था। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद एसपी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
प्रशिक्षु SI समेत इन छह पर गिरी गाज
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक क्रमांक 361 अर्जुन जांगड़े, आरक्षक क्रमांक 22 दीपक सिंह, आरक्षक क्रमांक 05 शंकर जयकिशन, आरक्षक क्रमांक 495 सुनील रमन और आरक्षक क्रमांक 11 गोवर्धन टाईगर शामिल हैं। सभी की पदस्थापना थाना सारागांव में थी।
अब CSP योगिताबाली खापर्डे करेंगी आगे की जांच
मामले की आगे की जांच की जिम्मेदारी नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को सौंपी गई है। एसपी ने जांच को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जांच में प्रकाशित खबर के तथ्यों और स्रोतों की जानकारी के लिए संबंधित मीडियाकर्मी का कथन दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही आबकारी प्रकरण के आरोपी गोपाल गोंड़ से कथित रकम के लेन-देन के संबंध में पूछताछ कर उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा। जांच अधिकारी संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका और संलिप्तता की भी पड़ताल करेंगी। यदि पुलिसकर्मियों और आरोपी के बीच लेन-देन में किसी अन्य व्यक्ति की मध्यस्थता के साक्ष्य मिलते हैं, तो उस व्यक्ति का भी कथन दर्ज किया जाएगा।
आरोप प्रमाणित हुए तो दर्ज होगा अपराध
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच में भ्रष्टाचार और अवैध रूप से रकम के लेन-देन के आरोप प्रमाणित पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत अपराध पंजीबद्ध किया जाए। इसके बाद वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
SP का दो टूक संदेश: भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अवैध लेन-देन और अनुचित गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता से की जाएगी। आरोपों की पुष्टि होने पर किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या आगे की जांच में कथित लेन-देन की पूरी कड़ी सामने आएगी? क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी उजागर होगी? फिलहाल छह पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद सारागांव थाने का यह मामला जिले में चर्चा का विषय बन गया है।