छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

मानदेय ₹30 हजार, नियमितीकरण और 10 लाख रुपये की मांग… आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कचहरी चौक पर जोरदार प्रदर्शन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

तीन दिवसीय जिला स्तरीय धरने के पहले दिन सैकड़ों कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने बुलंद की आवाज; मांगें पूरी नहीं हुईं तो दिसंबर में होगा दो दिवसीय प्रांत स्तरीय महापड़ाव

जांजगीर-चांपा। मानदेय में बढ़ोतरी, नियमितीकरण और सेवा समाप्ति के बाद सम्मानजनक आर्थिक सुरक्षा की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का आक्रोश अब सड़कों पर उतर आया है। मंगलवार, 17 नवंबर को जांजगीर के कचहरी चौक के पास आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने जोरदार आंदोलन करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

दरअसल, छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका कल्याण संघ, जिला जांजगीर-चांपा ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 4 नवंबर 2026 को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर चरणबद्ध आंदोलन की सूचना दी थी। संघ का कहना है कि जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की समस्याओं एवं मांगों से लगातार प्रशासन को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित निराकरण नहीं हुआ। इसी के विरोध में संगठन ने आंदोलन का रास्ता चुना है।

नियमितीकरण और 30 हजार रुपये मानदेय की प्रमुख मांग

संघ की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का नियमितीकरण तथा न्यूनतम 30 हजार रुपये मासिक मानदेय निर्धारित करना शामिल है। इसके अलावा आयु सीमा में छूट देकर 200 से अधिक रिक्त पर्यवेक्षक पदों पर बिना परीक्षा तत्काल 50 प्रतिशत पदोन्नति देने की मांग रखी गई है। सहायिकाओं को कार्यकर्ता पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। संगठन ने सेवा समाप्ति के बाद कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि दिए जाने की मांग भी उठाई है। संघ का कहना है कि लंबे समय तक सेवाएं देने वाली महिलाओं को भविष्य की आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए।

मानदेय से लेकर आंगनबाड़ी भवनों तक, कई समस्याओं पर उठाई आवाज

ज्ञापन में केवल वेतन और नियमितीकरण ही नहीं, बल्कि आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था से जुड़ी कई समस्याओं को भी उठाया गया है। संघ ने कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दिए जा रहे मानदेय में गड़बड़ियों को तत्काल सुधारने, आंगनबाड़ी के बच्चों को यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने तथा केंद्रों में टीवी, पंखे और कूलर की व्यवस्था करने की मांग की है। इसके साथ ही जर्जर आंगनबाड़ी भवनों का तत्काल नवीनीकरण, बच्चों के लिए पर्याप्त खिलौने उपलब्ध कराने और जनप्रतिनिधियों या अन्य लोगों से खिलौने मांगने की व्यवस्था बंद करने की मांग की गई है। संगठन ने मुनगा ऐप में कार्य नहीं लेने, पूरक पोषण आहार के रूप में दिए जा रहे रेडी-टू-ईट को बदलकर उच्च गुणवत्ता वाला पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने तथा विभागीय स्तर पर आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत कराने की मांग भी रखी है।।ज्ञापन में गर्म भोजन के चावल की बचत से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने और महतारी वंदन योजना के कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि देने की मांग भी शामिल है। संघ ने कहा है कि प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने की स्थिति में इस कार्य की जिम्मेदारी नहीं ली जानी चाहिए।

तीन दिन तक चलेगा जिला स्तरीय धरना

संघ द्वारा घोषित आंदोलन के प्रथम चरण में 17 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कचहरी चौक के पास कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन ने ज्ञापन में आंदोलन के दूसरे चरण की भी जानकारी दी है। इसके तहत 11 दिसंबर से 12 दिसंबर 2026 तक दो दिवसीय प्रांत स्तरीय महापड़ाव आयोजित करने की चेतावनी दी गई है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

संघ ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि ध्यानाकर्षण धरना प्रदर्शन के बाद भी यदि मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगी। संगठन ने इसके लिए शासन-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराने की बात कही है। अब देखना होगा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की इन मांगों पर शासन-प्रशासन क्या कदम उठाता है। बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और देखभाल जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने वाली इन महिलाओं के आंदोलन ने एक बार फिर उनके मानदेय, सेवा सुरक्षा और कार्यस्थल की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सवालों को चर्चा में ला दिया है।

चौथा स्तंभ | छत्तीसगढ़ का विश्वसनीय डिजिटल समाचार
🌐 www.chauthastambha.com

Leave a Reply